मांडल चौराहे पर भीषण सड़क हादसा: बाइक-ट्रक भिड़ंत में दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

सुरेश चंद्र मेघवंशी

मांडल । कस्बे के मांडल चौराहे स्थित नेशनल हाईवे-48 पर शुक्रवार अल सुबह करीब 5 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। जानकारी के अनुसार, पुलिया के समीप एक बाइक और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद उपजिला अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे में मृत एक युवक के शरीर पर पुलिस वर्दी पहनी हुई मिली, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में चर्चा का विषय बना रहा। हालांकि मृतकों की शिनाख्त और हादसे के कारणों को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है। दुर्घटना के बाद एनएच-48 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू करवाने का प्रयास किया। वहीं दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।