मांडल। सुरेश चन्द्र मेघवंशी
मांडल क्षेत्र के मेजा स्थित पशु चिकित्सालय में सोमवार बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाश रात के समय चिकित्सालय में घुसकर वहां रखे लैपटॉप सहित अन्य कीमती उपकरण चोरी कर ले गए। चोरों ने वारदात के दौरान चिकित्सालय में रखे गए महत्वपूर्ण दस्तावेजों को भी खुर्द-बुर्द कर दिया, जिससे विभागीय कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।घटना की जानकारी मिलने पर पशु चिकित्सा कर्मी कुलदीप सेन ने मांडल थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल चोरी गए सामान का आकलन किया जा रहा है।

