मांडल महोत्सव में गूंजे भक्ति व संस्कृति के स्वर, दीपावली की तर्ज पर उमड़ा जनसैलाब, 2000 किलो मावे से बने खास गुलाब जामुन

सुरेश चंद्र मेघवंशी
मांडल। कस्बे के राजीव गांधी खेल स्टेडियम में मंगलवार 17 मार्च को आयोजित मांडल महोत्सव भक्ति, संस्कृति और परंपराओं के संगम के रूप में उत्साह और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। महोत्सव में राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बेरवा मुख्य अतिथि रहे, जबकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मांडल विधायक उदयलाल भडाणा ने की।
महोत्सव का माहौल दीपावली की तरह रोशनी, सजावट और उत्साह से सराबोर नजर आया। खास बात यह रही कि इस पर्व को दीपावली की तर्ज पर मनाया जाता है, जिसके चलते बहन-बेटियां विशेष रूप से मांडल पहुंचती हैं। पूरे कस्बे में पारिवारिक मिलन और उत्सव का वातावरण बना रहा।
2000 किलो मावे से बने गुलाब जामुन बने आकर्षण का केंद्र
महोत्सव के दौरान इस दिन की पारंपरिक मिठाई गुलाब जामुन की जबरदस्त मांग रही। जानकारी के अनुसार करीब 2000 किलो फीके मावे की बिक्री हुई, जिससे बड़े पैमाने पर गुलाब जामुन तैयार किए गए। यह मिठास महोत्सव की पहचान बनी रही।
नाहर और गैर नृत्य ने बांधा समां
कार्यक्रम में नाहर नृत्य एवं गैर नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने पारंपरिक लोक संस्कृति की जीवंत झलक पेश की, जिस पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं।
नाहर नृत्य प्रस्तुत करने वाले कलाकारों में गोपाल माली, कालू माली, धनराज माली, राधेश्याम माली, भोपा लोकेश माली शामिल रहे। वहीं दूसरी टोली में घनश्याम माटोलिया, राजू तड़बा, दिनेश गुर्जर एवं भंवर माली ने भी शानदार प्रस्तुतियां दीं।
संत-महंतों का मिला आशीर्वाद
महोत्सव में संत श्री श्री 1008 सुरेश दास जी महाराज, खंडेश्वर महाराज मंदिर के रामदास जी महाराज, नीलकंठ महादेव के महंत दीपक पुरी तथा मठ मंदिर के महंत शंकर भारती जी की उपस्थिति ने आयोजन को आध्यात्मिक रंग प्रदान किया।
महाराणा प्रताप प्रतिमा का भूमि पूजन
इस दौरान अतिथियों द्वारा मांडल बस स्टैंड पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना हेतु भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया।
कई विधायक रहे मौजूद
कार्यक्रम में सहाड़ा विधायक शाहपुरा विधायक लालाराम बेरवा, मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल, वल्लभनगर विधायक उदय लाल डांगी एवं बारा-अटरू विधायक राधेश्याम बेरवा भी उपस्थित रहे।
जनसहभागिता बनी महोत्सव की ताकत
महोत्सव सेवा समिति एवं ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। आयोजन को सफल बनाने में जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, लाल कृष्ण सेन, पूर्व चेयरमैन रमेश बुलिया, ओम भडिया, पूर्व प्रधान गोपी सारस्वत, गोपी भड़ाणा, सूरज भड़ाणा, कमलेश सिंह गुढ़ा सरपंच संजय भडिया महेंद्र सिंह पुरावत छोटू सिंह देवा लाल जाट सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं का योगदान रहा।
आयोजन के ऑर्गेनाइजर सुरज मल राव और न्यू भीलवाड़ा म्यूजिकल ग्रुप सहित समस्त महोत्सव समिति एवं ग्रामवासियों ने कार्यक्रम को यादगार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।