गरीबों के हत्यारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर लगे नारे , ग्राम सरपंच और वार्ड पंचों के पक्ष में सर्व समाज ने दिया ज्ञापन

मांडल । सुरेश चन्द्र मेघवंशी

ग्राम पंचायत मांडल के सरपंच एवं जनता द्वारा चुने गए 35 वार्ड पंच प्रतिनिधियों पर कुछ अतिक्रमणकारियों तथा निजी स्वार्थ और पारिवारिक वैमनस्यता से प्रेरित लोगों द्वारा निराधार एवं अनर्गल आरोप लगाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि राजनीतिक षड्यंत्र के तहत पंचायत जनप्रतिनिधियों की छवि धूमिल करने और प्रशासन व आमजन को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। बताया जा रहा है कि इस प्रकार की गतिविधियों से कस्बे में सामाजिक वैमनस्य और टकराव का माहौल बनाने का प्रयास भी किया जा रहा है।
इसी के विरोध में ग्राम हित को ध्यान में रखते हुए सर्व समाज एवं विभिन्न संगठनों के बैनर तले नीलकंठ महादेव मंदिर से रैली निकाली गई। रैली के रूप में पहुंचे सैकड़ों लोगों ने उपखंड अधिकारी संजना जोशी को ज्ञापन सौंपकर कस्बे में सामाजिक वैमनस्य फैलाने तथा ग्राम सरपंच और वार्ड पंचों पर बिना प्रमाणिकता के करोड़ों रुपये के गबन के लगाए जा रहे आरोपों की जांच की मांग की। साथ ही मांडल थाने में थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस आयुष श्रोत्रीय को भी रिपोर्ट दी गई, जिसमें राकेश सारस्वत और रजिया बानू व अन्य 15 से 20 लोगों के खिलाफ सामाजिक वैमनस्य फैलाने तथा सरपंच पर 25 लाख रुपए की मांग के आरोप लगाकर मानहानि करने के मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई।
इस दौरान सर्व समाज के लोगों के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए जनप्रतिनिधियों के समर्थन में आवाज उठाई और ज्ञापन सौंपा।