माण्डल (भीलवाड़ा) | स्मार्ट हलचल |जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाये जा रहे अभियान के तहत माण्डल थाना पुलिस ने एक फैक्ट्री से हुई तांबा चोरी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एक बाल अपचारी (नाबालिग) को निरुद्ध किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 206 किलोग्राम तांबा और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
फैक्ट्री में दो दिन की थी चोरी, सीसीटीवी से खुला राज
पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को माण्डल निवासी परिवादी रामनारायण पटवारी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी एल्युमिनियम के बर्तन बनाने की फैक्ट्री (कम्पनी) है, जिसमें स्क्रैप के साथ अन्य धातुएं भी आती हैं। उनकी कम्पनी में 150-200 किलोग्राम तांबा रखा हुआ था। 26 मार्च और 29 मार्च की रात्रि को अज्ञात बदमाशों ने कम्पनी में प्रवेश कर तांबा चुरा लिया था।
मामला दर्ज होने के बाद आईपीएस (प्रोबेशनर) एवं माण्डल थानाधिकारी आयुष श्रोत्रिय के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहनता से विश्लेषण किया। इसके साथ ही पूर्व में संपत्ति संबंधी अपराधों में चालानशुदा अपराधियों से भी पूछताछ की गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर उन्हें डिटेन कर लिया।
- मुकेश कुमार कालबेलिया (24): पुत्र नगजी, निवासी- चोपड़ा का खेड़ा, रीछड़ा (थाना सदर)।
- मुकेश कालबेलिया (20): पुत्र श्रवण, निवासी- सुरास खेड़ा (थाना रायपुर)।
- एक बाल अपचारी (नाबालिग) निरुद्ध।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
यह कार्रवाई एसपी धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन और एएसपी बुद्धराज व सीओ राहुल जोशी के सुपरविजन में की गई। टीम में आईपीएस प्रोबे. आयुष श्रोत्रिय के साथ हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, कांस्टेबल मंगल सिंह (विशेष योगदान), प्रेमलाल (विशेष योगदान) और भंवरलाल शामिल रहे।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर 206 किलो तांबा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी सघनता से पूछताछ कर रही है।
