बिजली लाइन निर्माण में लापरवाही का आरोप: खेत में गिरे दो पोल, किसान बोले—बड़ा हादसा होने से पहले सुध ले विभाग

बिजली लाइन निर्माण में लापरवाही का आरोप: खेत में गिरे दो पोल, किसान बोले—बड़ा हादसा होने से पहले सुध ले विभाग

शिव लाल जांगिड़

स्मार्ट हलचल, लाडपुरा। लाडपुरा गांव में बागवाले कुएं से खेतों तक बिछाई जा रही नई विद्युत लाइन के निर्माण कार्य में कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। पोलों को पर्याप्त गहराई तक नहीं गाड़ने के कारण दो स्थानों पर बिजली के पोल गिर गए। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

जानकारी के अनुसार, पोल गिरने से एक किसान की खेत में खड़ी फसल भी क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि घटना को करीब पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक न तो गिरे हुए पोल हटाए गए हैं और न ही निर्माण कार्य में सुधार के लिए कोई कार्रवाई की गई है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बागवाले कुएं से खेत तक लगाए जा रहे अधिकांश पोल केवल दो से तीन फीट गहराई तक ही गाड़े गए हैं, जबकि खेतों में सुरक्षित विद्युत लाइन के लिए पोलों को पर्याप्त गहराई तक स्थापित किया जाना आवश्यक है। ऐसे में भविष्य में पोल गिरने या दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

किसानों ने बिजली निगम से मांग की है कि सभी पोलों को तकनीकी मानकों के अनुसार कम से कम 7 से 8 फीट गहराई तक मजबूती से स्थापित किया जाए, ताकि किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।