मांडलगढ़: सरसों एवं चना समर्थन मूल्य तौल केंद्र का शुभारंभ, बिचौलियों से मिलेगी मुक्ति
मांडलगढ़ | स्मार्ट हलचल संवाददाता
मांडलगढ़ क्षेत्र के किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम दिलाने और उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करने के संकल्प के साथ शुक्रवार को क्षेत्रवासियों को एक बड़ी सौगात दी गई। NCCF/राजफेड जयपुर द्वारा संचालित क्रय-विक्रय सहकारी समिति, मांडलगढ़ में समर्थन मूल्य (MSP) पर सरसों एवं चना तौल केंद्र का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया गया। इस विशेष कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल रहे।
“किसान हित हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता”
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों और क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि राज्य व केंद्र सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “यह तौल केंद्र हमारे परिश्रमी किसानों को बिचौलियों के जाल से मुक्त कराकर उन्हें अपनी फसल का लाभकारी मूल्य दिलाने में मील का पत्थर साबित होगा। किसान हित ही हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
शुभारंभ के पश्चात विधायक ने केंद्र पर आए किसानों से सीधा संवाद किया और वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि तौल प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी होनी चाहिए और किसी भी किसान भाई को अपनी उपज बेचने में असुविधा का सामना न करना पड़े। इस दौरान किसानों ने विधायक को अपनी कुछ समस्याओं से भी अवगत कराया, जिस पर उन्होंने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
समारोह के दौरान विधानसभा मांडलगढ़ नगर मंडल अध्यक्ष अशोक जीनगर, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष श्याम अहीर, निवर्तमान नगर पालिका चेयरमैन संजय डांगी, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जिला कार्यकारिणी सदस्य गोवर्धन वैष्णव, पार्षद अनीता सुराणा, महुआ मंडल अध्यक्ष बृजमोहन शर्मा, बरूंदनी प्रशासक गजेंद्र साहू और अरविंद वैष्णव उपस्थित रहे।
विभागीय व्यवस्थाओं के लिए समिति प्रबंधक महिपाल सिंह कानावत, अध्यक्ष ओमप्रकाश जाट, एकाउंटेंट आलोक जेथलियाँ, वेयरहाउस मैनेजर नरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व काश्तकार मौजूद रहे।
