मांडलगढ़ में डकैती का बड़ा खुलासा: दंपती पर हमला कर लूटने वाले कंजर गिरोह के 2 शातिर दबोचे, 9 सनसनीखेज वारदातों का खुला राज
मांडलगढ़ । भीलवाड़ा जिले की मांडलगढ़ थाना पुलिस ने घर में घुसकर दंपती से मारपीट कर जेवरात और नकदी लूटने वाले शातिर कंजर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो मुख्य बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने भीलवाड़ा और बूंदी जिले में लूट, चोरी और नकबजनी की 9 सनसनीखेज वारदातें स्वीकार की हैं।
1. नैनक्या उर्फ सूरज पुत्र रामपाल कंजर (उम्र 25 वर्ष), निवासी चिताबड़ा, थाना बिजौलिया
2. अर्जुनलाल पुत्र राधेश्याम कंजर (उम्र 32 वर्ष), निवासी चिताबड़ा, थाना बिजौलिया
* फरार साथी: रामा उर्फ रामलिया एवं बाबू कंजर (तलाश में दबिश जारी)
पूछताछ में आरोपियों ने अमरतिया, श्यामगढ़, मोहनपुरा, तालाब का झोपड़ा, गेणोली, रात्याखेड़ा, टहला, बागोर तथा बूंदी जिले के डाबी थाना क्षेत्र में डकैती व चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
क्या था अमरतिया का मामला?
उल्लेखनीय है कि 25-26 जून की रात अमरतिया निवासी शांतीलाल शर्मा के घर में घुसे बदमाशों ने सोते हुए दंपती के साथ लोहे के सरियों से बेरहमी से मारपीट की थी। इसके बाद पत्नी के गले से सोने का मंगलसूत्र, कान के टॉप्स, चांदी की पायजेब, सोने का मांडलिया और नकदी लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने बीएनएस (BNS) की धाराओं में मामला दर्ज कर सीसीटीवी और साइबर सेल की मदद से आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
