मांडलगढ़: 5 से 10 वर्ष के बच्चों के लिए एमआर विशेष टीकाकरण अभियान शुरू, 23 मई तक चलेगा

मांडलगढ़।स्मार्ट हलचल|मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा के निर्देश और ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (बीसीएमओ) डॉ. गोपाल यादव के निर्देशन में सोमवार को मांडलगढ़ ब्लॉक में मीजल्स-रूबेला (एमआर) विशेष टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ हुआ। यह अभियान 18 मई से 23 मई तक चलाया जाएगा, जिसके तहत 5 से 10 वर्ष तक की आयु के बच्चों को खसरा और रूबेला जैसी गंभीर व जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए एमआर वैक्सीन लगाई जा रही है।

सोमवार को अभियान के तहत ब्लॉक के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा विभाग की टीमों ने बच्चों का टीकाकरण किया। इस दौरान आमजन को खसरा-रूबेला के प्रति जागरूक भी किया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने घर-घर जाकर टीकाकरण के लिए पात्र बच्चों की पहचान की और अभिभावकों को बच्चों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया। इस पूरे कार्य में चिकित्सा अधिकारियों, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी सक्रिय और महत्वपूर्ण भागीदारी निभाई।

जिला व ब्लॉक स्तर से हुई मॉनिटरिंग

टीकाकरण अभियान की प्रगति जांचने के लिए जिला स्तर से डब्लूएचओ की एसएनओ डॉ. स्वाति मित्तल और सुपरवाइजर मनीष यादव ने विभिन्न टीकाकरण सत्रों का औचक निरीक्षण किया। इसके साथ ही, ब्लॉक स्तर के अधिकारियों द्वारा भी अभियान की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और मौके पर काम कर रही टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

बीसीएमओ ने की अपील

बीसीएमओ डॉ. गोपाल यादव ने क्षेत्र के आमजन और अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि नौनिहालों को खसरा और रूबेला जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए समय पर टीकाकरण सबसे कारगर और जरूरी उपाय है। उन्होंने सभी अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे जागरूकता दिखाते हुए अपने 5 से 10 वर्ष तक के बच्चों को अभियान के दौरान एमआर का टीका अनिवार्य रूप से लगवाएं।