नवरात्रि पर माण्डलगढ़ में नौवीं बार लगेगा निःशुल्क लंगर, जोगणिया माता के पैदल यात्रियों के लिए होगी विशेष व्यवस्था
माण्डलगढ़। स्मार्ट हलचल। नवरात्रि के पावन पर्व पर जोगणिया माता के दर्शन के लिए पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के उद्देश्य से माण्डलगढ़ में जय मां लंगर कमेटी की ओर से लगातार नौवीं बार निःशुल्क लंगर का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क चाय, भोजन एवं ठहरने की व्यवस्था रहेगी। लंगर का आयोजन 10 अक्टूबर से 18 अक्टूबर 2026 तक माण्डलगढ़ में एनएच-758 स्थित डाक बंगला चौराहे पर किया जाएगा। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु जोगणिया माता के दर्शन के लिए पैदल यात्रा करते हैं। ऐसे में रास्ते में यात्रियों को भोजन और विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कमेटी की ओर से यह सेवा कार्य किया जा रहा है। आयोजन के माध्यम से पैदल यात्रियों को राहत प्रदान करने के साथ ही सेवा, सहयोग और धार्मिक आस्था का संदेश दिया जाएगा।