मांडलगढ़: 25 लाख की सोनोग्राफी मशीन खा रही धूल, निजी केंद्रों पर जेब ढीली करने को मजबूर ग्रामीण

मांडलगढ़: 25 लाख की सोनोग्राफी मशीन खा रही धूल, निजी केंद्रों पर जेब ढीली करने को मजबूर ग्रामीण

प्रदेश की सरकार भले ही ‘निरोगी राजस्थान’ और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के बड़े-बड़े दावे करे, लेकिन मांडलगढ़ उपखण्ड मुख्यालय पर हकीकत इसके उलट है। यहाँ के उप जिला चिकित्सालय में अत्याधुनिक सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध होने के बावजूद पिछले 7 महीनों से चालू नहीं हो सकी है।इस प्रशासनिक अनदेखी का खामियाजा क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं और गरीब मरीजों को भुगतना पड़ रहा है, जो अस्पताल के बाहर निजी लैब में ऊँची दरों पर जाँच कराने को विवश हैं।

मशीन कमरे में बंद, मरीज परेशान

जानकारी के अनुसार, अस्पताल को डीएमएफटी (DMFT) फंड से करीब 25 लाख रुपये की लागत वाली सोनोग्राफी मशीन आवंटित की गई थी। विडंबना यह है कि यह कीमती मशीन पिछले सात महीनों से अस्पताल के एक कमरे में धूल फांक रही है। ग्रामीण इलाकों से आने वाले मरीजों को डॉक्टर जाँच के लिए बाहर भेज देते हैं, जहाँ निजी संचालकों द्वारा मनमानी राशि वसूली जा रही है।

गर्भावस्था में क्यों जरूरी है जाँच?

स्त्री रोग विशेषज्ञों के अनुसार, सुरक्षित प्रसव के लिए पूरी गर्भावस्था के दौरान कम से कम तीन बार (तीसरे, छठे और नौवें महीने) सोनोग्राफी कराना अनिवार्य है ताकि शिशु की स्थिति का पता चल सके। सरकारी अस्पताल में यह सुविधा मुफ्त होनी चाहिए, लेकिन यहाँ गरीबों को अपनी जेब से अतिरिक्त खर्च वहन करना पड़ रहा है।

अधिकारियों का क्या है कहना?

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि प्रक्रिया पूरी है लेकिन संचालन तकनीकी कारणों से अटका हुआ है।

“सोनोग्राफी मशीन शुरू करने की सभी प्रक्रियाएं लंबे समय से पूर्ण कर ली गई हैं। संबंधित अधिकारी को मशीन चालू करने हेतु नोटिस भी दिए गए हैं और उच्चाधिकारियों को स्थिति से अवगत करवा दिया गया है।”

— डॉ. मनीष पुरोहित, चिकित्सा प्रभारी, मांडलगढ़

“मांडलगढ़ अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन बंद होने का मामला संज्ञान में आया है। तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द सेवाएं मिल सकें।”

— डॉ. संजीव शर्मा, जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी, भीलवाड़ा

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मशीन का शुभारंभ नहीं किया गया, तो क्षेत्र की जनता आंदोलन के लिए मजबूर होगी।