मांडल सीओ जोशी के समर्थन में ग्रामीणों ने किया कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन, असामजिक तत्वों पर कार्यवाही करने की मांग

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा । भीलवाड़ा जिले के मांडल कस्बे में सामुदायिक भवन को आयुष्मान आरोग्य मंदिर ( जनता क्लिनिक ) बदलने का मामला अभी शांत नहीं हुआ है। इसको लेकर ग्रामीणों ने पुलिस उप अधीक्षक मांडल राहुल जोशी के समर्थन में जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और प्रदर्शन के बाद उन्होंने जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया। जिसमें मांडल गाँव में जनता क्लिनिक के स्थान परिवर्तन के बावजूद असामाजिक तत्वों द्वारा बार-बार विवाद उत्पन्न करने एवं राजकार्य रोकने के विरुद्ध कार्यवाही करने की मांग की है। ग्रामीण अंतिम व्यास ने कहा कि राजस्थान सरकार द्वारा माण्डल गाँव की जनता की सुविधा के लिए शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर (जनता क्लिनिक) स्वीकृत किया गया है। वर्तमान में क्लिनिक के लिए स्वतंत्र भवन उपलब्ध न होने के कारण, प्रशासन द्वारा अस्थाई रूप से इसे सरकारी सामुदायिक भवन में संचालित करने का आदेश जारी किया गया था। इसको लेकर कुछ असामाजिक तत्व लगातार अराजकता फैला रहे हैं। सामुदायिक भवन में क्लिनिक खोलने का विरोध होने पर प्रशासन और ग्रामीणों ने विवाद टालने के लिए क्लिनिक को दूसरी जगह (वैकल्पिक स्थान) पर शिफ्ट करने का निर्णय लेकर अन्यत्र शिफ्ट कर दिया। स्थान परिवर्तन करने के बावजूद, वही असामाजिक तत्व वापस विवाद उत्पन्न कर रहे है। इन्होंने मौके पर तैनात पुलिस उपाधीक्षक के साथ अभद्रता की हैं पुलिस उपाधीक्षक द्वारा उन्हें गिरफ्तार करने पर ग्रामवासियों के निवेदन पर उनके द्वारा ग्रामवासियों का सहयोग करते हुए वापस छोड़ दिया गया। हमारी मांग है कि ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ जो बार-बार स्थान बदलने के बाद भी व्यवधान डाल रहे हैं। हम चाहते हैं कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही होनी चाहिए और पुलिस उपाधीक्षक के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं होनी चाहिए।