मंडावर नगरपालिका अध्यक्ष पद की तस्वीर साफ, अब दो दावेदार मैदान में

तीन प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिया, भाजपा के अशोक नारेड़ा और कांग्रेस की अनीता देवी के बीच होगा मुकाबला

नीरज मीणा

मंडावर।स्मार्ट हलचल/ नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर चल रही सियासी हलचल के बीच शुक्रवार को नामांकन वापसी के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई। अध्यक्ष पद के लिए दाखिल किए गए नामांकनों में से तीन प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस ले लिया, जिसके बाद अब अध्यक्ष पद की कुर्सी के लिए केवल दो प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं।
जानकारी के अनुसार भाजपा वार्ड नंबर 1 की गुड्डी देवी, भाजपा वार्ड नंबर 8 की आशा देवी तथा वार्ड नंबर 24 की निर्दलीय प्रत्याशी रामकली देवी ने अध्यक्ष पद के लिए दाखिल अपना नामांकन वापस ले लिया है। तीन नामांकन वापस होने के बाद अब चुनावी मुकाबला सीधे दो प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के बीच रह गया है।
अब आमने-सामने भाजपा और कांग्रेस
नामांकन वापसी के बाद वार्ड नंबर 2 से कांग्रेस प्रत्याशी अनीता देवी और वार्ड नंबर 5 से भाजपा प्रत्याशी अशोक नारेड़ा अध्यक्ष पद की दौड़ में बने हुए हैं। ऐसे में मंडावर नगरपालिका के अध्यक्ष पद का चुनाव अब भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला बन गया है।
तीन नामांकन वापसी ने बदला चुनावी समीकरण
नामांकन वापसी से पहले अध्यक्ष पद के लिए कुल पांच दावेदार मैदान में थे। अब तीन प्रत्याशियों के चुनावी मैदान से हटने के बाद मुकाबला सीमित होकर दो प्रत्याशियों के बीच रह गया है। इससे अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि नगरपालिका के निर्वाचित पार्षदों का समर्थन किस प्रत्याशी के पक्ष में जाता है। अध्यक्ष पद के चुनाव में पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी और आने वाले समय में समर्थन को लेकर राजनीतिक समीकरणों पर सभी की नजर रहेगी।
मंडावर में बढ़ी सियासी हलचल
नामांकन वापसी के साथ ही मंडावर नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव की तस्वीर स्पष्ट हो चुकी है। एक तरफ कांग्रेस की अनीता देवी हैं तो दूसरी ओर भाजपा के अशोक नारेड़ा। दोनों प्रत्याशियों के सामने अब पार्षदों का समर्थन जुटाने की चुनौती होगी।
मंडावर नगरपालिका अध्यक्ष पद की इस चुनावी जंग पर शहर ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की नजरें टिकी हुई हैं। अब देखना होगा कि अध्यक्ष की कुर्सी पर आखिर किसका कब्जा होता है।