मंगरोप@मुकेश खटीक।कस्बे में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर एक गंभीर समस्या सामने आ रही है।कस्बे के आमा रोड स्थित गुरला वाया मांडलगढ़ मेगा हाईवे को लोगों ने डंपिंग यार्ड में तब्दील कर दिया है।हाईवे के किनारे जगह-जगह कचरे के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं।जिससे न केवल क्षेत्र की सुंदरता प्रभावित हो रही है बल्कि आमजन को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।जानकारी के अनुसार पंचायत प्रशासन द्वारा कई बार इस मार्ग की सफाई करवाई जा चुकी है,लेकिन इसके बावजूद लोग फिर से उसी स्थान पर कूड़ा फेंक देते हैं।इस लापरवाही के चलते पंचायत की सफाई व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है और बार-बार की मेहनत बेकार साबित हो रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे किनारे कचरा जमा होने से दुर्गंध फैल रही है और राहगीरों को असुविधा हो रही है।वहीं गंदगी के कारण बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। वहीं दिनभर मवेशी मंडराते रहते है जिससे हादसों का अंदेशा भी बना रहता हैं।विकास अधिकारी रामभवर सिंह राणावत ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंके और निर्धारित स्थानों का ही उपयोग करें।साथ ही प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि इसके बावजूद लोग नहीं माने,तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।अब जरूरत है कि आमजन अपनी जिम्मेदारी समझें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें,ताकि मंगरोप को साफ-सुथरा और स्वस्थ बनाया जा सके।
