PM आवास तक मार्च, राहुल गांधी धरने पर बैठे,राहुल गांधी की नाक से बहता दिखा खून, जबरन धरनास्थल से हटाया

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने राजाजी मार्ग से लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी सड़क पर धरने पर बैठ गए और समर्थकों से भी विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरता पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संसद में इस मुद्दे पर चर्चा से बच रही है। कांग्रेस की मांग है कि कथित पेपर लीक मामले पर संसद में चर्चा कराई जाए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें।

नीट मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री आवास के बाहर हुए कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें साझा कर पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए और सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का आरोप लगाया। पार्टी का कहना है कि वह छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई और नीट मामले पर संसद में चर्चा की मांग कर रही है।
दिल्ली पुलिस प्रधानमंत्री आवास के बाहर चल रहे धरने को खत्म कराने पहुंची थी। कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल पर साझा किए गए एक वीडियो में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सड़क पर लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर प्रदर्शन स्थल से हटाने की कोशिश करते नजर आते हैं।वीडियो में राहुल गांधी पुलिस के साथ जाने का विरोध करते दिखाई देते हैं। उनके चारों ओर सुरक्षा कर्मी मौजूद हैं और उन्हें वहां से हटाने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस ने एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें पुलिस कार्रवाई के बाद राहुल गांधी की नाक से खून निकलता हुआ दिखाई दे रहा है।एक अन्य वीडियो में राहुल गांधी धरने के दौरान सड़क पर लेटे हुए पत्रकारों से बातचीत करते नजर आते हैं। इस दौरान उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा, “भारत में लोकतंत्र अभी ऐसे चल रहा है।”
कांग्रेस द्वारा जारी एक अन्य वीडियो में पार्टी सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा पुलिस बस के दरवाजे पर खड़ी दिखाई देती हैं और बस में चढ़ने से इनकार करती हैं। वीडियो में पुलिसकर्मी उन्हें हिरासत में लेने के दौरान बस के भीतर ले जाने की कोशिश करते नजर आते हैं, जबकि प्रियंका इसका विरोध करती दिखाई देती हैं। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी और अन्य नेताओं को पुलिस द्वारा हटाए जाने की कई तस्वीरें भी साझा की हैं।