महेंद्र कुमार सैनी
स्मार्ट हलचल/नगर फोर्ट को पंचायत समिति का दर्जा दिलाने और तहसील कार्यालय को यथावत रखने की मांग को लेकर चल रहा जन आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। इसी क्रम में शनिवार को नगर फोर्ट में संपूर्ण बाजार बंद रखा गया।
आंदोलन को गति देने के लिए नगर फोर्ट स्कूल चौराहे पर तहसील क्षेत्रवासियों की एक विशाल आम सभा आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, व्यापारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। आम सभा में आंदोलन को और सशक्त बनाने के लिए संघर्ष समिति का पुनर्गठन किया गया।सभा में सर्वसम्मति से अश्विनी सुवालका को संघर्ष समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। अनिल सोनी, मोहन सिंह देवपुरा और रामेश्वर चांगल को उपाध्यक्ष बनाया गया। इंद्रजीत सिंह, हर्षित गुर्जर, रोहित प्रजापत, हनुमान साहू, सुनील सोयल, सुरेंद्र भंडारी, तौफीक अहमद, निजाम भाई और मुकेश शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ नागरिकों को भी समिति में शामिल किया गया।आम सभा के बाद ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए तहसील कार्यालय तक जुलूस निकाला। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि 24 घंटे के भीतर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।नगर फोर्ट की जनता ने एक स्वर में कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।


