तुलसी के आंगन में उतरी खुशियों की बहार, सालिग्राम संग रचाया विवाह

अनिल कुमार खींची

बांकेबिहारी मंदिर में देव प्रबोधिनी एकादशी पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, मंगल गीतों और भजनों से गूंजा मंदिर परिसर

ब्यावर। स्मार्ट हलचल।देव प्रबोधिनी एकादशी पर सूरजपोल गेट बाहर स्थित बांकेबिहारी मंदिर में तुलसी विवाह का पर्व हर्षोल्लास और धार्मिक परंपराओं के साथ मनाया गया। इस अवसर पर तुलसी मैया का दुल्हन के रूप में मनमोहक श्रृंगार किया गया, वहीं भगवान सालिग्राम दूल्हे के रूप में सजे। ठाकुरजी के गर्भगृह में सजाई गई विवाह की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर में गूंजते मंगल गीतों ने माहौल को विवाहोत्सव के रंग में रंग दिया।

मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष माणक डाणी ने बताया कि भगवान विष्णु के योग निद्रा से जागने और चतुर्मास की समाप्ति के साथ ही मांगलिक आयोजनों का शुभारंभ हुआ। सुबह 8.15 बजे प्रसन्न गणपति मंदिर से ढोल-धमाकों के साथ ध्वजा शोभायात्रा निकाली गई। मनोरथी परिवार के राजेश-मधु जिंदल, हिमांशु जिंदल, शुभांशु जिंदल, प्रेम जिंदल, निखिल जिंदल, सुनील जिंदल, संजय जिंदल एवं अनुज जिंदल सहित श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद मंदिर शिखर पर ध्वजा चढ़ाई।

दोपहर में भजनोत्सव का आयोजन हुआ। महेंद्र सलेमाबादी, यश अग्रवाल एवं सुरेश रायपुरिया-गंदर्भ रायपुरिया के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में हरी नाम संकीर्तन मंडल के प्रमुख विजय तंवर सहित सोहनलाल शर्मा, घीसूलाल सोनी, दुर्गेश माली, श्रवण भूतड़ा एवं शिखरानी अग्रवाल ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। ‘आज तुलसीजी के ब्याह की लगनिया है सखी, घर-घर मंगल’ सहित विभिन्न भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे।

मंदिर परिसर में महिलाओं ने दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान सुरेश रायपुरिया, गौरव रायपुरिया, गंदर्भ रायपुरिया, पद्मिनी, प्रियंका, प्रियल, कृष्णा, महेंद्र सलेमाबादी, यश अग्रवाल, करुणा अग्रवाल, शिरिषा अग्रवाल, संगीता द्विवेदी एवं कांतिलाल डाणी सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।