245 बच्चों और महिलाओं ने सीखे हुनर; मार्शल आर्ट, डांस और रेज़िन आर्ट की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

अनिल कुमार

ब्यावर । स्मार्ट हलचल।महावीर इंटरनेशनल रॉयल, ब्यावर द्वारा आयोजित सात दिवसीय ‘मेगा समर कैंप 2026’ का भव्य समापन समारोह रविवार को सुनारन चौपड़ के पास स्थित कुंदन भवन में अत्यंत गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। 17 मई से शुरू हुए इस कैंप में ब्यावर शहर के 245 बच्चों और महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर विभिन्न कलात्मक और व्यावहारिक विधाओं में अपने हुनर को निखारा।

12 से अधिक कोर्सेज में मिला प्रशिक्षण:
शाखा अध्यक्ष अशोक पालडेचा ने बताया कि कैंप में प्रतिभागियों के सर्वांगीण विकास के लिए सेल्फ डिफेंस, जुम्बा योगा, सूर्यनमस्कार, स्केच आर्ट, आर्ट एंड क्राफ्ट, स्पोकन इंग्लिश, केक व चॉकलेट मेकिंग, आकर्षक पैकेजिंग, नेल आर्ट, हैंडराइटिंग सुधार, मेहंदी, ड्राइंग, हेयर स्टाइलिंग और रेज़िन आर्ट जैसे 12 से अधिक कोर्स संचालित किए गए। समापन के अवसर पर बच्चों ने मार्शल आर्ट के हैरतअंगेज करतब दिखाए और रंगारंग डांस प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। इस दौरान कैंप में तैयार की गई विभिन्न कलाकृतियों और चॉकलेट्स की प्रदर्शनी भी लगाई गई।

आयुर्वेदिक लेप शिविर से मिली राहत:
कैंप के तहत 22 मई को जोधपुर के सुप्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य लक्ष्मी चंद पारख के सानिध्य में एक विशाल नि:शुल्क आयुर्वेदिक लेप शिविर भी लगाया गया। इसमें करीब 225 नागरिकों ने घुटने के दर्द, कमर दर्द और बैक पेन जैसी समस्याओं का नि:शुल्क इलाज और परामर्श प्राप्त किया।

अतिथियों और भामाशाहों का हुआ सम्मान:
समारोह के मुख्य अतिथि ‘माय फाइनेंस लिमिटेड’ के प्रबंध निदेशक राजेंद्र कुंकुंलोल थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में महावीर इंटरनेशनल के धनपत श्रीश्रीमाल, रीजनल काउंसिल-3 के क्षेत्रीय पदाधिकारी दीप चंद कोठारी, समाजसेवी इंदर सिंह बागावास, प्रवीण बडोला और मनोज बाबेल उपस्थित रहे। अतिथियों ने संस्था के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में संस्कारों और कौशलों का विकास होता है। कार्यक्रम में नि:स्वार्थ सेवाएं देने वाले प्रशिक्षकों (रीना दक, पिंकी कासलीवाल, रक्षा शर्मा, महक बाबेल, दिशा बम्ब सहित अन्य) और आर्थिक सहयोग देने वाले भामाशाहों का शॉल व स्मृति चिह्न देकर अभिनंदन किया गया। इस मौके पर रमेश रांका ने संस्था की सदस्यता ग्रहण की, जिन्हें मंच पर शपथ दिलाकर पिन पहनाई गई।

इन्होंने संभाली व्यवस्थाएं:
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन वीरा पूजा कोठारी एवं वीरा रेणु सांड ने किया। अंत में महावीर नाहर एवं अभिषेक नाहटा ने सभी का आभार जताया। इस अवसर पर योगेंद्र मेहता, पुष्पेंद्र चौधरी, दीपक बाबेल, अक्षय बिनाकिया, दिलीप दक, राजेश सुराणा, कमलेश कटारिया, राहुल बाबेल, प्रदीप सांड, कांता पालडेचा, विजय लक्ष्मी दक सहित संस्था के दर्जनों पदाधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।