Homeभीलवाड़ाकपासन की केमिकल फैक्ट्री में भीषण धमाका, 5 किमी तक गूंजी आवाज

कपासन की केमिकल फैक्ट्री में भीषण धमाका, 5 किमी तक गूंजी आवाज

चित्तौड़गढ़। स्मार्ट हलचल| जिले के कपासन कस्बे स्थित रीको इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार देर रात एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। मरून इंडस्ट्रीज नामक केमिकल फैक्ट्री में रात करीब 11:15 बजे जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब पांच किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। लोग इसे भूकंप समझकर घरों से बाहर निकल आए।
धमाके के तुरंत बाद फैक्ट्री परिसर में भीषण आग लग गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें दूर से साफ नजर आ रही थीं। आसपास के गांवों और कॉलोनियों में अफरा-तफरी मच गई। कई परिवार अपने बच्चों को लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते दिखाई दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका अचानक हुआ और कुछ ही सेकंड में फैक्ट्री से धुआं व आग की लपटें उठने लगीं। आग इतनी विकराल थी कि पास स्थित एक स्क्रैप फैक्ट्री भी इसकी चपेट में आ गई। धमाके के असर से स्क्रैप यूनिट की टीन की चद्दरें उड़ गईं और दीवारों को नुकसान पहुंचा। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री से उछलकर एक भारी लोहे की दीवार करीब 500 मीटर दूर एक मकान पर जा गिरी, जिससे छत की पट्टी टूट गई। हालांकि, घर में मौजूद लोग सुरक्षित रहे। यदि यह हादसा दिन में होता, तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
सूचना मिलते ही कपासन सहित आसपास के क्षेत्रों से दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे तक लगातार पानी की बौछारें कीं। जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाकर आग को फैलने से रोका गया। कड़ी मशक्कत के बाद देर रात आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में बॉयलर फटने से धमाका होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फैक्ट्री में मौजूद केमिकल पदार्थों के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया, जिससे दमकलकर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर आलोक रंजन, पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी और कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। प्रशासन ने क्षेत्र को घेराबंदी में लेकर अनावश्यक आवाजाही रोक दी है। आसपास की फैक्ट्रियों और मकानों में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने बताया कि मरून केमिकल फैक्ट्री में रंग (कलर) बनाने का कार्य होता है। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस को अवगत कराया गया। दमकल और प्रशासन की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने बताया कि फैक्ट्री में इंटरमीडिएट केमिकल का उत्पादन किया जाता है। फैक्ट्री मालिक से बातचीत कर प्राथमिक जानकारी ली गई है। प्रारंभिक रिपोर्ट में किसी भी तरह की जनहानि सामने नहीं आई है, जो राहत की बात है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराई जाएगी।
पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की है।
इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और केमिकल फैक्ट्रियों में सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे उद्योगों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन होना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular