वन विभाग की बड़ी तैयारी, जुलाई माह से शुरू होगा पौधों का वितरण
टॉपर योजना के तहत 80 हजार और एसएफडीए योजना के तहत 10 हजार पौधे तैयार
पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने को लेकर मंडावर क्षेत्र मेंऑ चलेगा विशेष अभियान
नीरज मीणा
मंडावर।स्मार्ट हलचल/पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने को लेकर वन विभाग ने इस वर्ष मंडावर क्षेत्र में बड़े स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। बढ़ते तापमान, लगातार घटती हरियाली और बदलते पर्यावरणीय हालात के बीच मंडावर नर्सरी इस बार हरियाली के बड़े केंद्र के रूप में उभरकर सामने आई है। नर्सरी में कुल 90 हजार पौधे तैयार किए गए हैं, जिनका वितरण आगामी जुलाई माह से शुरू किया जाएगा।
नर्सरी प्रभारी भगवान सहाय मीना ने जानकारी देते हुए बताया कि मंडावर नर्सरी में इस बार रिकॉर्ड स्तर पर पौधे तैयार किए गए हैं। इनमें 80 हजार पौधे टॉपर योजना के तहत तथा 10 हजार पौधे एसएफडीए योजना के अंतर्गत तैयार किए गए हैं। सभी पौधों की नियमित देखभाल की जा रही है ताकि बारिश के मौसम में लोगों को अच्छे और स्वस्थ पौधे उपलब्ध कराए जा सकें।
वन विभाग द्वारा इस बार विशेष रूप से ऐसे पौधों को प्राथमिकता दी गई है जो पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों के लिए उपयोगी भी साबित हों। नर्सरी में छायादार, फलदार और औषधीय पौधों की विभिन्न प्रजातियां तैयार की गई हैं। इन पौधों के माध्यम से क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार जुलाई माह में बारिश शुरू होते ही मंडावर क्षेत्र के गांवों, स्कूलों, सरकारी कार्यालयों, पंचायतों, सामाजिक संगठनों और किसानों को पौधों का वितरण किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण अभियान से जोड़ना है ताकि क्षेत्र में बड़े स्तर पर पौधे लगाए जा सकें।
वन विभाग का मानना है कि बढ़ती गर्मी और प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार व्यापक स्तर पर पौध तैयार किए गए हैं। विभाग द्वारा लोगों को पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल के लिए भी जागरूक किया जाएगा ताकि लगाए गए पौधे सुरक्षित रह सकें और भविष्य में बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण को लाभ पहुंचा सकें।
नर्सरी प्रभारी भगवान सहाय मीना ने कहा कि आज के समय में प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाए। यदि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे तो आने वाले वर्षों में क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह बदल सकता है।
मंडावर नर्सरी में तैयार किए गए 90 हजार पौधों को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग पौधारोपण अभियान से जुड़ने की तैयारी कर रहे हैं। वन विभाग को उम्मीद है कि इस वर्ष मंडावर क्षेत्र में रिकॉर्ड स्तर पर वृक्षारोपण होगा और आने वाले समय में क्षेत्र हरियाली से आच्छादित नजर आएगा।
वन विभाग की यह पहल केवल पौधे वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण तैयार करना भी है। मंडावर नर्सरी का यह अभियान क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है।
