मातृ स्वास्थ्य व टीकाकरण पर विशेष जोर, संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने पर जोर

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
ब्लॉक मासिक बैठक का आयोजन सोमवार को जिला चिकित्सालय शाहपुरा के सभागार में ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चेना राम कुमावत की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक प्रबंध किए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. कुमावत ने कहा कि मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत सभी गर्भवती महिलाओं का 12 सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही गर्भवती महिलाओं की समय पर सभी आवश्यक जांचें करवाने एवं प्रत्येक प्रसव संस्थागत स्तर पर कराने के लिए स्वास्थ्य कार्मिकों को प्रेरित किया गया।

उन्होंने जिन चिकित्सा संस्थानों में एफसीएम (FCM) की संख्या कम है, वहां एफसीएम बढ़ाने एवं सही रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश समस्त चिकित्सा अधिकारी प्रभारियों को दिए। बैठक में लाडो प्रोत्साहन योजना की भी समीक्षा की गई। जिन चिकित्सा संस्थानों में भुगतान संबंधी अंतर सामने आया, उन्हें आवश्यक दस्तावेज पूर्ण कर शीघ्र भुगतान प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया।

आरसीएच गतिविधियों की समीक्षा के दौरान आधार, जनआधार एवं बैंक खाते की जानकारी समय पर फीड करवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही टीकाकरण से वंचित बच्चों का पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने, एमआर-1 एवं एमआर-2 में आ रहे अंतर को कम करने तथा संपूर्ण टीकाकरण अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

बैठक में मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर आशा सहयोगिनियों को स्लाइड बनाकर समय पर जमा करवाने तथा प्रतिदिन 10 घरों का भ्रमण करने को कहा गया। इसके अलावा अनीमिया मुक्त भारत अभियान एवं विटामिन-ए कार्यक्रम की प्रगति पर भी चर्चा की गई।

बैठक में चिकित्सा अधिकारी प्रभारी, बीएचएस, एलएचवी, सीएचओ, एसटीएस, एएनएम एवं आशा सुपरवाइजर उपस्थित रहे।