पुनित चपलोत
भीलवाड़ा । शहर के जिला अस्पताल के मातृ एवं शिशु अस्पताल इकाई में शनिवार दोपहर मोबाइल चोरी की घटना सामने आई। वार्ड नंबर 180 में एक बुजुर्ग महिला का मोबाइल चोरी होने की सूचना मिलते ही होमगार्ड कर्मी तुरंत सक्रिय हो गए। सूचना पर उमेश सिंह, बंशी लाल और ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे। वहां तीन युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। होमगार्ड ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो तीनों भागने लगे। इस दौरान घेराबंदी कर दो युवकों को पकड़ लिया गया, जबकि उनका एक साथी फरार होने में सफल रहा।
कड़ी पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने स्वीकार किया कि मोबाइल उन्होंने ही चोरी किया था और उसे उनका फरार साथी लेकर भाग गया। होमगार्ड कर्मियों ने दोनों संदिग्धों को पकड़कर भीमगंज थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। इधर, जिला अस्पताल और मातृ एवं शिशु इकाई में लगातार बढ़ रही मोबाइल चोरी की घटनाओं से मरीजों व उनके परिजनों में दहशत का माहौल बना हुआ है। आमजन ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
