भीलवाड़ा । भीलवाड़ा की दो बेटियों ने एक साथ शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। एक बेटी ने राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर गौरव बढ़ाया तो दूसरी ने खेल कोटे से सरकारी नौकरी हासिल की।
माया ने दिलाया कांस्य पदक
केसरी नंदन व्यायाम शाला के अंतर्राष्ट्रीय कुश्ती प्रशिक्षक जगदीश जाट ने बताया कि हरियाणा के एमडीयू खेल परिसर, रोहतक में 10 से 12 जुलाई तक आयोजित राष्ट्रीय अंडर-23 सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता में भीलवाड़ा की माया पहलवान ने 72 किलोग्राम भार वर्ग में भाग लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। माया ने राजस्थान को कांस्य पदक दिलाकर जिले को गौरवान्वित किया।
अंजलि बनी राजस्थान पुलिस में सिपाही
व्यायाम शाला की ही राष्ट्रीय पदक विजेता पहलवान अंजलि साहू का खेल कोटे से राजस्थान पुलिस में चयन हुआ है। अंजलि ने कड़ी मेहनत से सरकारी सेवा प्राप्त कर अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनी है।प्रशिक्षक जगदीश जाट ने बताया कि इससे पहले भी व्यायाम शाला की मनीषा माली का भारतीय सेना में स्पोर्ट्स कोटे से चयन हो चुका है ।
संघ और गणमान्यों ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर राजस्थान कुश्ती संघ के प्रधान राजीव दत्ता और महासचिव उम्मेद सिंह झांझरिया ने दोनों खिलाड़ियों को हर सुविधा देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राजस्थान कुश्ती संघ हमेशा खिलाड़ियों के साथ है। केसरी नंदन व्यायाम शाला के संरक्षक राधेश्याम बहेड़िया अध्यक्ष सुवाल जाट नेता प्रतिपक्ष धर्मेंद्र पारीक, सचिव अरुण शर्मा, कोषाध्यक्ष महेश पांडे, भारतीय रेलवे के डिप्टी सीटीआई रतनलाल जाट, जिला खेल अधिकारी हेमेंद्र सिंह राणावत सहित कई गणमान्य लोगों ने दोनों पहलवानों और प्रशिक्षक जगदीश जाट को बधाई दी।
