केजीबीवी के संस्था प्रधानों की बैठक सम्पन्न, बालिकाओं की सुरक्षा और प्रभावी शिक्षण पर जोर

उदयपुर 10 अगस्त
स्मार्ट हलचल|एडीपीसी कार्यालय के पीएम श्री सभागार में सोमवार को उदयपुर एवं सलूंबर जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों (केजीबीवी) के संस्था प्रधानों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों के सुचारू संचालन, बालिकाओं की सुरक्षा और प्लेसमेंट कार्मिकों की समस्याओं को लेकर विस्तृत मंथन हुआ।
बैठक में मुख्य रूप से केजीबीवी में कार्यरत प्लेसमेंट कार्मिकों के मानदेय भुगतान में आ रही समस्याओं पर चर्चा की गई और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही संस्था प्रधानों ने विद्यालयों के जर्जर भवनों की मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने, अतिरिक्त वार्डन की नियुक्ति और बालिकाओं के लिए प्रभावी शिक्षण कार्य सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपनी रिपोर्ट और सुझाव साझा किए।
इस दौरान अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक कुंज बिहारी भारद्वाज, सहायक परियोजना समन्वयक, राजेंद्र प्रसाद नायक, एपीसी कन्हैयालाल सुथार, कार्यक्रम अधिकारी पंकज कलाल तथा रश्मि मेहता ने संस्था प्रधानों को संबोधित किया। अधिकारियों ने कहा कि आवासीय विद्यालयों में बालिकाओं की सुरक्षा और शिक्षा की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जर्जर भवनों की समस्याओं को जल्द दूर करने का भरोसा भी दिया गया।संस्था प्रधानों की ओर से बैठक में राजेश सैनिक,ऋचा रूपल, मीना रोत,रोशन माखीजा, लियाक़त हुसैन,ललिता खटीक आदि ने विचार व्यक्त किए बैठक में दोनों जिलों की केजीबीवी के 5 नोडल प्रिंसिपल सहित 21 संस्था प्रधानों ने भाग लिया।