राधेनगर से श्रीविहार तक कचरे के ढेर और जर्जर दीवारें, किसानों को पानी के बहाव में रुकावट तो बस्तियों को हादसों का डर
पंकज पोरवाल
भीलवाड़ा । स्मार्ट हलचल|नहर में पानी छोड़ने की तैयारी तो पूरी कर ली गई, लेकिन पानी के रास्ते की सफाई और सुरक्षा की सुध नहीं ली गई। मेजा बांध से रबी की फसलों की सिंचाई के लिए नहर में पानी तो छोड़ दिया गया, लेकिन खेतों तक पानी पहुंचने के रास्ते की बदहाली दूर नहीं हुई। राधेनगर से श्रीविहार कॉलोनी तक नहर कचरे और गंदगी से अटी पड़ी है। वहीं कई जगह नहर की दीवारें और किनारे जर्जर हालत में हैं। ऐसे में किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलने की उम्मीद के बीच नहर के सुचारू संचालन और सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ गई है। गुरुवार को मेजा बांध से नहर में पानी छोड़े जाने के साथ ही किसानों को रबी की फसलों की सिंचाई की आस जगी है। हालांकि नहर की मौजूदा स्थिति को देखते हुए पानी के निर्बाध प्रवाह पर सवाल खड़े हो रहे हैं। राधेनगर से श्रीविहार कॉलोनी तक कई स्थानों पर कचरा और गंदगी जमा है। नहर के किनारों पर भी अव्यवस्था पसरी हुई है। कई जगह दीवारें क्षतिग्रस्त होने से पानी के बहाव में बाधा आने के साथ आसपास रहने वाले लोगों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
*सफाई के बिना पानी छोड़ने पर उठाए सवाल*
नहर में पानी छोड़ने से पहले इसकी सफाई और मरम्मत करवाने की जरूरत जताई जा रही थी, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। अब पानी की आवक शुरू होने के बाद नहर में जमा कचरे और क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण परेशानी बढ़ने की आशंका है। किसानों का कहना है कि मेजा बांध का पानी खेती के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में नहर की सफाई और मरम्मत के पर्याप्त इंतजाम पहले ही किए जाने चाहिए थे।
*किसानों ने जताई नाराजगी, तत्काल सफाई की मांग*
बड़ी हरणी निवासी किसान शंकरलाल जाट ने नहर की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मेजा बांध का पानी किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। नहर की नियमित सफाई और मरम्मत नहीं होने से पानी खेतों तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है। विभाग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि पानी बिना किसी रुकावट के किसानों के खेतों तक पहुंचे। दादाबाड़ी निवासी किसान रमेशचंद्र तेली ने भी नहर में जमा गंदगी और कचरे पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नहर की सफाई नहीं होने से पानी के प्रवाह पर असर पड़ सकता है। संबंधित विभाग को तत्काल सफाई करवाकर नहर को सुचारू बनाना चाहिए, ताकि सिंचाई के लिए छोड़े गए पानी का पूरा लाभ किसानों को मिल सके।
*कॉलोनीवासियों को सुरक्षा की चिंता*
श्रीविहार कॉलोनी निवासी शिवकुमार सोनी, भारत सिंह और पुष्पा ने भी नहर की गंदगी और सुरक्षा इंतजामों को लेकर नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि नहर में पानी छोड़ दिया गया है, लेकिन आसपास की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम जरूरी हैं। नहर के किनारे कई जगह जर्जर हालत में हैं। ऐसे में पानी का स्तर बढ़ने पर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। उन्होंने नहर की सफाई के साथ क्षतिग्रस्त दीवारों की मरम्मत और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।
*विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग*
किसानों और क्षेत्रवासियों ने जल वितरण विभाग एवं संबंधित प्रशासन से राधेनगर से श्रीविहार कॉलोनी तक नहर की तत्काल सफाई करवाने की मांग की है। साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत, कचरे की नियमित सफाई और नहर के आसपास आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की जरूरत जताई है। लोगों का कहना है कि नहर में पानी छोड़ने का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पानी बिना रुकावट खेतों तक पहुंचे और आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो।