सफाई व्यवस्था को लेकर महिलाओं ने दिया ज्ञापन

खजूरी, स्मार्ट हलचल। कचरा संग्रहण के लिए चल रहा ट्रैक्टर विवाद के चलते बंद कर दिया गया, जिसके बाद पूरे गांव में गंदगी की समस्या बढ़ गई है। समस्या से परेशान होकर गांव की महिलाओं ने पंचायत पहुंचकर सरपंच को ज्ञापन सौंपा और ट्रैक्टर को पुनः शुरू करने की मांग की।
महिलाओं ने बताया कि पहले पंचायत द्वारा कचरा उठाने के लिए ट्रैक्टर नियमित रूप से चलाया जाता था, जिससे गांव साफ-सुथरा रहता था। लेकिन अचानक्य पंचायत ने ट्रैक्टर बंद कर दिया। इसके बाद से गांव में जगह-जगह कचरा जमा होने लगा है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
महिलाओं ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि गांव में रोड लाइट की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिससे रात के समय लोगों को आवाजाही में परेशानी होती है। वहीं तालाब के पास कूड़े के ढेर लगे होने से गंदगी फैल रही है और आसपास रहने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
महिलाओं ने पंचायत से मांग की है कि कचरा ट्रैक्टर को जल्द से जल्द पुनः चालू किया जाए, रोड लाइट की व्यवस्था सुधारी जाए तथा तालाब क्षेत्र की साफ-सफाई करवाई जाए, ताकि गांव में स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्था बेहतर हो सके।
पंचायत ने मामले में शीघ्र उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।