बानसूर। स्मार्ट हलचल|कोटपूतली-बहरोड़ राशन डीलर संघ ने अपनी विभिन्न समस्याओं और 7 सूत्रीय मांगों को लेकर जिला रसद अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिला अध्यक्ष बाबूलाल रावत के नेतृत्व में डीलरों ने प्रवर्तन निरीक्षक पुष्पेंद्र जाट को दिया। डीलरों ने ज्ञापन में बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की कमी के कारण पीओएस मशीनें अक्सर घंटों बंद रहती हैं, जिससे उपभोक्ताओं को राशन लेने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही गोदाम से पूरा खाद्यान्न आवंटन न मिलने के कारण कई जरूरतमंद परिवार राशन से वंचित रह जाते हैं। उनकी प्रमुख मांगों में नेटवर्क समस्या का समाधान, कोविड-19 के दौरान वितरित सामग्री का बकाया कमीशन, गोदाम से होने वाली 5-10 प्रतिशत की कटौती पर रोक, कांटों का सत्यापन, दुकानों का समानीकरण, अन्नपूर्णा योजना की जमा राशि की वापसी और बढ़े हुए कमीशन का भुगतान शामिल है। प्रवर्तन निरीक्षक पुष्पेंद्र जाट ने डीलरों को समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नेटवर्क संबंधी समस्या के लिए बीएसएनएल से समन्वय स्थापित किया जाएगा और अन्य मांगों को मुख्यालय तक पहुंचाया जाएगा।
