कठूमर की ग्राम पंचायतों में गूंजा स्वच्छता का संदेश

दिनेश लेखी

गांधी जयंती पर विशेष ग्राम सभाएं, प्रभात फेरी और श्रमदान कर ग्रामीणों को किया जागरूक

कठूमर। स्मार्ट हलचल।पंचायत समिति कठूमर क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में शुक्रवार को महात्मा गांधी जयंती एवं स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए जनभागीदारी से स्वच्छ एवं सुंदर गांव बनाने का संदेश दिया गया।
अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत तसई में प्रशासक मुकेश सिंह चौहान की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित हुई, जिसमें ग्राम पंचायतवासियों के साथ क्षेत्र में स्वच्छता, जनभागीदारी एवं स्थानीय विकास के विषयों पर चर्चा की गई।
स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न ग्राम पंचायतों में प्रभात फेरियां निकाली गईं। इस दौरान ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं विद्यार्थियों ने स्वच्छता संबंधी नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। वहीं ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।
अभियान के दौरान स्वच्छता सेवा आकलन एवं स्व-मूल्यांकन के निष्कर्षों का प्रस्तुतीकरण, सत्यापन तथा औपचारिक प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया भी की गई। विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में सहभागिता निभाई।
कार्यक्रमों में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण तथा जनजागरूकता गतिविधियों पर भी जोर दिया गया। इस दौरान प्रशासक, ग्राम विकास अधिकारी, कनिष्ठ सहायक, शिक्षक, विद्यालय के बच्चे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
इस दौरान विकास अधिकारी बच्चू राम मीणा ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित नहीं रखते हुए इसे ग्रामीण जीवन का नियमित हिस्सा बनाने के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित गतिविधियों का उद्देश्य ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ गांवों को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।