दरगाह मीर कुर्बान अली में उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब, कुल की रस्म के साथ तीन दिवसीय उर्स का हुआ समापन
अजय सिंह (चिंटू)
जयपुर -स्मार्ट हलचल।संसार चंद रोड स्थित दरगाह मीर कुर्बान अली में हज़रत सैयद महबूब उर रहमान नियाज़ी रहमतुल्लाह अलैह का 10वां उर्स मुबारक अकीदत, रूहानियत और भाईचारे के माहौल में संपन्न हो गया। तीन दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से आए हजारों जायरीन व मुरीदों ने शिरकत कर दरगाह पर चादर पेश की तथा अपने और देश की खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं।
उर्स के अंतिम दिन दोपहर में मिलाद शरीफ का आयोजन किया गया, जिसके बाद शाम को कुल की रस्म अदा की गई और फातेहा ख्वानी के साथ उर्स का समापन हुआ। इससे पूर्व आयोजित महफिल-ए-समा और कव्वाली की महफिल में बरेली से आए कव्वालों और जयपुर के प्रसिद्ध कव्वालों ने सूफियाना कलाम पेश कर श्रद्धालुओं को देर रात तक रूहानी माहौल से सराबोर रखा।
दरगाह के सज्जादानशीन डॉ. सैयद हबीब उर रहमान नियाज़ी ने कहा कि उर्स केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि मोहब्बत, इंसानियत और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि देश, प्रदेश और जयपुर शहर में अमन, चैन, आपसी भाईचारा और सौहार्द बना रहे, इसके लिए विशेष दुआ की गई। साथ ही युवाओं से अपील की गई कि वे अपने माता-पिता और बुजुर्गों के साथ समय बिताएं, उनके अनुभवों से सीख लें और नशाखोरी व अन्य बुरी आदतों से दूर रहें। उन्होंने विश्व शांति और ईरान में अमन-ओ-सुकून के लिए भी विशेष दुआएं की जाने की जानकारी दी।
उर्स के दौरान आयोजित सूफी क्लासिकल नाइट और सूफी कॉन्फ्रेंस विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इन कार्यक्रमों में सूफी विचारधारा, इंसानियत, प्रेम और सामाजिक एकता पर विस्तार से चर्चा की गई। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने इन कार्यक्रमों की सराहना की।
नायब सज्जादानशीन फैज उर रहमान नियाज़ी ने बताया कि 10वें उर्स मुबारक में हजारों जायरीन ने दरगाह पर हाजिरी लगाई और अपनी मुरादों की चादरें पेश कर दुआएं मांगीं। उन्होंने कहा कि देश के प्रसिद्ध कव्वालों द्वारा पेश किए गए कलामों ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। कुल की रस्म के साथ तीन दिवसीय उर्स मुबारक का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
इस अवसर पर मोहम्मद इकबाल, मोहम्मद अय्यूब फुलेरा, दिनेश शर्मा, दिनेश विजयवर्गीय, राजेश चौधरी, रईस खान, अफजल महमूद, सैय्यद अरशद, अशोक सरपंच, पाटनी ब्रदर्स, राजू खान नेता, सैय्यद अरशद अलीम पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में जायरीन उपस्थित रहे।
