सखी योजना से महिलाओं व युवतियों में कानून के प्रति जागरूक करना है
शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा पंचायत समिति सभागार में अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के साप्ताहिक आयोजन के अन्तर्गत ग्राम पंचायतों की महिला मेटो को महिला सुरक्षा सखी के रुप में प्रशिक्षित किया गया,
प्रशिक्षण शिविर में मास्टर ट्रेनर के रुप में अधिवक्ता व जिला परिषद सदस्य शिवराज कुमावत, राजीविका खण्ड समन्वयक शिवप्रकाश टेलर, सहायक प्रशासनिक अधिकारी सूर्यप्रकाश शर्मा, पंचायत प्रसार अधिकारी मिश्री लाल कोली की मौजूदगी में यह आयोजन किया गया।
जिला परिषद सदस्य शिवराज कुमावत ने कहा कि प्रशिक्षण के तहत महिलाओं व युवतियों को सखी योजना से जोडकर उनके माध्यम से आम महिलाओं व युवतियों में कानून के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस योजना के उद्देश्य से अवगत कराया, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं व छात्राओं को इससे जोडकर उनकी समस्याओं को पुलिस के समक्ष लाया जाए। उनका निराकरण करने की सामूहिक रूप से कोशिश करें। साथ ही महिलाओं व बच्चियों को उनके संवैधानिक अधिकारों के बारे में जानकारी देकर जागरूक एवं मजबूत बनाया जाए। महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने का प्रयास महिलाओं की ओर से महिलाओं के लिए सखी बनकर किया जाए, ताकि समाज में एक स्वस्थ वातावरण महिलाओं को दिया जा सके।
सहायक प्रशासनिक अधिकारी सूर्यप्रकाश शर्मा ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मनरेगा के माध्यम से महिलाओं का सशक्तिकरण किया जा रहा है, साथ ही महिलाओं के माध्यम से मनरेगा का भी सुदृढ़ीकरण हो रहा है। जिले में शत प्रतिशत महिला मेट के नियोजन के लिए उन्होंने सभी सरपंचों, जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिला मेट के नियोजन से मनरेगा में भ्रष्टाचार के मामलों में कमी आई है।
राजीविका खण्ड समन्वयक शिवप्रकाश टेलर ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य मनरेगा द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराना है एवं मनरेगा में महिला मेट की नियुक्ति से कार्य की गुणवत्ता बढ़ रही है तथा महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिल रहा है। जिले में पुलिस विभाग तथा जिला परिषद के माध्यम से प्रत्येक पंचायत समिति पर कैंप लगाकर महिला मेटो को सुरक्षा सखी के रूप में पंजीकृत किया गया। सभी सुरक्षा सखी का दायित्व है कि सभी समस्याओं को पुलिस प्रशासन को अवगत कराएं जिससे प्रत्येक ग्राम अपराध मुक्त हो सके। मुख्यमंत्री की पहल पर राज्य में एफआईआर अनिवार्य की गई है, इससे त्वरित कार्यवाही होगी।
पंचायत प्रसार अधिकारी मिश्री लाल कोली ने इस दौरान कहा कि समस्त महिलाएं निर्भर, निडर रहे एवं कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महिला सशक्तिकरण हेतु महिला सुरक्षा सखी अभियान शुरू किया है। महिलाओं को जब जब मौका मिला हैं, उन्होंने विकास के नए आयाम आयामों को छुआ हैं। राजस्थान सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही है। सुरक्षा सखी योजना के माध्यम से पुलिस तथा महिलाओं के बीच संवादहीनता को खत्म किया जा रहा है। सुरक्षा सखियों के साथ निरंतर बैठकों का आयोजन भी किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिलाएं किसी भी रूप में पुरुषों से कम नहीं हैं।
कार्यक्रम के दौरान मनरेगा की उपलब्धियों से भी अवगत करवाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत राजीविका की महिलाओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया तत्पश्चात कार्यक्रम में पधारे हुए मेटों ने महिला दिवस के अवसर पर अपने अपने विचार व्यक्त किये। महिलाओं की स्थिति को और भी मजबूत करने पर बल दिया गया। जिससे और बेहतर समाज की स्थापना की जा सके।
प्रशिक्षण में कनिष्ठ सहायक पवन कुमार चंदेल एवं सुनिल दाधीच ने महिलाओ के विरुद्ध अपराध के प्रति सुरक्षा के अधिकारों से अवगत करवाया गया।