चित्तौड़गढ़|स्मार्ट हलचल|मेवाड़ यूनिवर्सिटी में बीएससी नर्सिंग की मान्यता को लेकर पिछले 27 दिनों से छात्र आंदोलनरत हैं। आंदोलन के दौरान परेशान छात्रों द्वारा आत्मदाह का प्रयास करने के बाद पुलिस ने 17 कश्मीरी छात्रों को गिरफ्तार कर गंगरार थाने ले जाया गया, जिन्हें बाद में न्यायालय में पेश किया गया।
इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए एनएसयूआई के कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजय राव चित्तौड़गढ़ मेवाड़ यूनिवर्सिटी पहुंचे और छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इसके बाद संजय राव गंगरार थाने पहुंचे और छात्रों की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया।
संजय राव स्वयं न्यायालय पहुंचे और वकील के माध्यम से गिरफ्तार छात्रों की जमानत की अर्जी भी लगवाई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों के साथ न्याय नहीं किया गया तो चित्तौड़गढ़ में कलेक्टर का घेराव किया जाएगा।
संजय राव ने आरोप लगाया कि मेवाड़ यूनिवर्सिटी के मालिक अशोक गढ़िया और प्रशासन द्वारा छात्रों को प्रताड़ित किया गया, जिसके कारण छात्र इस स्थिति में पहुंचे। इसके बावजूद अब तक विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
एनएसयूआई ने स्पष्ट किया कि संगठन हमेशा छात्र हितों के लिए संघर्ष करता रहा है और आगे भी छात्रों के न्याय के लिए हर स्तर पर लड़ाई जारी रखेगा।
संजय राव
कार्यकारी जिलाध्यक्ष
एनएसयूआई, चित्तौड़गढ़
