हल्दीघाटी के विजयी युद्ध के 450 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित प्रतियोगिता, प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपए
चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। हल्दीघाटी के ऐतिहासिक विजयी युद्ध के 450 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “मेवाड़ गौरव गाथा प्रश्नोत्तरी” प्रतियोगिता रविवार को आयोजित होगी। चित्तौड़गढ़ गौरव तीर्थ प्रन्यास द्वारा आयोजित इस वृहद ऑनलाइन प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। राजस्थान के 41 जिलों सहित देश के 11 राज्यों से लगभग 10 हजार विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण कराया है।
प्रतियोगिता रविवार को दोपहर 12:15 बजे ऑनलाइन प्रारंभ होगी। सभी प्रतिभागी अपने घर से परीक्षा दे सकेंगे। प्रतिभागियों को 45 मिनट में 90 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। सभी पंजीकृत विद्यार्थियों को ऑनलाइन परीक्षा लिंक उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेज दिए गए हैं। जिन विद्यार्थियों को लिंक प्राप्त नहीं हुआ है, वे हेल्प डेस्क नंबर 01472-294047 पर संपर्क कर सकते हैं।
चित्तौड़गढ़ गौरव तीर्थ प्रन्यास के ट्रस्टी पुष्कर नराणियां ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए गठित 40 टोलियों ने लगभग 450 विद्यालयों में पहुंचकर 50 हजार विद्यार्थियों को मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास को जानने और पढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया।
प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार एवं जनजागरण के लिए गठित विशेष टीमों ने विभिन्न शहरों और प्रमुख चौराहों पर पहुंचकर मेवाड़ के इतिहास से जुड़े प्रश्न पूछे। इस दौरान विद्यार्थियों एवं आमजन में प्रतियोगिता को लेकर विशेष उत्सुकता और जागरूकता देखने को मिली।
प्रन्यास के ट्रस्टी श्रवण सिंह राव ने बताया कि नई पीढ़ी को मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने के उद्देश्य से लगभग 10 हजार विद्यार्थियों को “मेवाड़ गौरव गाथा” पुस्तक उपलब्ध करवाई गई है। इसके साथ ही 450 विद्यालयों के पुस्तकालयों को भी यह पुस्तक भेंट की गई है।
प्रतियोगिता को आकर्षक बनाने के लिए प्रन्यास द्वारा विशेष पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपए, द्वितीय पुरस्कार 51 हजार रुपए तथा तृतीय पुरस्कार 21 हजार रुपए रखा गया है। इसके अतिरिक्त 50 प्रतिभागियों को 2100 रुपए के सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
14 जून को होगा दूसरा चरण
प्रतियोगिता का प्रथम चरण रविवार को ऑनलाइन आयोजित होगा। इसमें चयनित प्रथम 450 प्रतिभागी 14 जून को चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर आयोजित द्वितीय चरण में भाग लेंगे। उसी दिन परिणाम घोषित कर विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को मेवाड़ की वीरता, त्याग, स्वाभिमान और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है, ताकि युवा अपने गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा प्राप्त कर सकें।
