राजकीय महात्मा गांधी विद्यालय ने रचा इतिहास: 10वीं बोर्ड में 100% सफलता,50 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण

मंगरोप@मुकेश खटीक।निजी स्कूलों की तर्ज पर सरकार द्वारा संचालित अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की गुणवत्ता को लेकर बनी धारणा को मंगरोप कस्बे के राजकीय बालिका महात्मा गांधी विद्यालय ने शानदार परिणाम देकर पूरी तरह तोड़ दिया है।विद्यालय की छात्राओं ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह साबित कर दिया कि सरकारी स्कूल भी किसी से कम नहीं हैं।प्रधानाचार्या वंदना कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल (एमजीएसएस) की कक्षा 10वीं की कुल 61 छात्राओं ने बोर्ड परीक्षा में भाग लिया था।जिनमें से सभी छात्राएं उत्तीर्ण रहीं।इनमें से 50 छात्राओं ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की,जबकि 11 छात्राओं ने द्वितीय श्रेणी हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।विद्यालय की छात्रा तनीषा खटीक ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया।इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार द्वारा छात्रा का विशेष सम्मान किया गया।उसे फूलों का गुलदस्ता भेंट कर मिठाई खिलाकर उत्साहवर्धन किया गया।इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य मुकेश कुमार साहू,व्याख्याता जाकिर हुसैन,ऊषा खटीक,कमला जीनगर,सुमित्रा जाट,अध्यापिका बबीता आसवानी,रामनारायण माली,शारीरिक शिक्षिका रेखा खटीक,व्यावसायिक शिक्षक बादल करसौलिया एवं कंप्यूटर अनुदेशक निशा रावत सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।सभी शिक्षकों ने छात्रा को मिठाई खिलाकर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय के शिक्षकों के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।इस शानदार परिणाम ने क्षेत्र में सरकारी स्कूलों के प्रति विश्वास को और मजबूत किया है।