मुंबई में आदिम जाति मीणा विकास एसोसिएशन ट्रस्ट का अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस व होली मिलन समारोह उत्साह के साथ आयोजित

मुंबई, 8 मार्च 2026।स्मार्ट हलचल|मुंबई में आदिम जाति मीणा विकास एसोसिएशन ट्रस्ट द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की महिलाओं, उनके परिवारजनों और बच्चों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही, जिससे पूरा आयोजन उत्साह, रंग और सांस्कृतिक उमंग से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम का आयोजन एसोसिएशन के अध्यक्ष कैप्टन पी.सी. मीणा के मार्गदर्शन और उपाध्यक्ष रेखा मीणा के नेतृत्व में किया गया। खास बात यह रही कि आदिम जाति मीणा विकास एसोसिएशन द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का यह पहला आयोजन था, जिसे समाज में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक एकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रीति मीणा (फर्स्ट लेडी, मुंबई मीणा समाज) रहीं। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका, नेतृत्व और योगदान को सम्मान देना समय की आवश्यकता है और ऐसे आयोजन समाज को नई दिशा देते हैं।

समारोह में विशेष अतिथि के रूप में कैप्टन आर. तमिलसेलवन, विधायक सायन–कोलीवाड़ा (मुंबई) एवं उपाध्यक्ष मुंबई भाजपा, तथा गणपत कोटारी, चेयरमैन राजस्थान फाउंडेशन मुंबई भी उपस्थित रहे। इसके अलावा कार्यक्रम में ओ.पी. मीणा, डिप्टी कमिश्नर जीएसटी (नवी मुंबई) और ललित मीणा, चीफ इंजीनियर (मर्स्क लाइन – डेनमार्क की अंतरराष्ट्रीय शिपिंग कंपनी) सहित कई गणमान्य अतिथियों ने भी भाग लिया और समाज को एक मंच पर जोड़ने के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। आयोजन को रोचक और जीवंत बनाने के लिए विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसकी जिम्मेदारी रेखा मीणा ने संभाली।

समारोह का एक विशेष आकर्षण विनोद मीणा द्वारा लिखित पुस्तक “बाबू जी अभी जिंदा है” का विमोचन भी रहा, जिसे अतिथियों और समाज के सदस्यों की उपस्थिति में जारी किया गया।

उल्लेखनीय है कि एसोसिएशन की उपाध्यक्ष रेखा मीणा ने मुंबई मीणा समाज में पहली बार महिला क्रिकेट मैचों के आयोजन की पहल भी की है, जिसे महिलाओं को खेलों और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।

कार्यक्रम में समाज की वरिष्ठ महिला सदस्यों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने इस पहल की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने का आह्वान किया।

अंत में होली मिलन समारोह के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसमें सभी ने एक-दूसरे को रंगों के पर्व की शुभकामनाएं दीं और समाज की एकता, भाईचारे तथा महिला सशक्तिकरण के संकल्प को और मजबूत किया।