मिशन शक्ति अभियान के तहत 13 पारिवारिक मामलों की हुई काउंसलिंग, 5 बिछड़े दंपतियों का फिर बसा घर

लखीमपुर खीरी। स्मार्ट हलचल।उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर जनपद में संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला थाना पुलिस ने पारिवारिक विवादों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए पांच बिछड़े दंपतियों का पुनर्मिलन कराकर उनके परिवारों को टूटने से बचाया। महिला थाना में आयोजित काउंसलिंग के दौरान कुल 13 पारिवारिक विवादों में सुलह-समझौते का प्रयास किया गया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में नवागत प्रभारी निरीक्षक महिला थाना बबिता पटेल ने काउंसलर कुसुम गुप्ता एवं कय्यूम जरवानी के सहयोग से दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा तथा वैवाहिक जीवन से जुड़े विभिन्न मामलों की गंभीरता से सुनवाई की। दोनों पक्षों को धैर्यपूर्वक समझाते हुए रिश्तों को बचाने का प्रयास किया गया।

काउंसलिंग के सकारात्मक परिणामस्वरूप पांच पति-पत्नी आपसी मतभेद भुलाकर एक साथ रहने के लिए सहमत हुए, जिसके बाद उनकी विधिवत विदाई कराई गई। वहीं चार मामलों में पति-पत्नी के बीच गहरे मतभेद होने के कारण दोनों पक्षों को विचार करने के लिए समय दिया गया, जबकि चार मामलों में आपसी सहमति नहीं बनने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी रखने का निर्णय लिया गया।

इस दौरान महिला थाना की महिला आरक्षी सुमन लता, सारिका चौहान एवं रेखा गौड़ ने भी काउंसलिंग प्रक्रिया को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। सुलह-समझौते के समय दोनों पक्षों के परिजन भी मौजूद रहे।

महिला थाना पुलिस ने उपस्थित लोगों को मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देने के साथ ही कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि परिवारों में संवाद और आपसी विश्वास बनाए रखने से अधिकांश विवादों का समाधान संभव है तथा महिला थाना भविष्य में भी ऐसे प्रयास लगातार जारी रखेगा।