(शीतल निर्भीक ब्यूरो)
बिल्थरारोड (बलिया)। स्मार्ट हलचल|समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को मजबूत आधार देने के लिए मंगलवार को उभांव थाना क्षेत्र में मिशन शक्ति अभियान पेज 5.0 के तहत एक अनोखी चौपाल का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत भवन टेलमा जमालुद्दीनपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं, आशा बहुओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और आजीविका समूह की महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने साबित कर दिया कि अब महिलाएं जागरूकता की राह पर तेज़ी से आगे बढ़ रही हैं। चौपाल की बागडोर महिला उप निरीक्षक किरण यादव, महिला आरक्षी रीना तिवारी, कांस्टेबल सर्वेश कुमार यादव और हेड कांस्टेबल सनील कुमार सरोज ने संभाली। पुलिस टीम ने बेहद सरल भाषा में महिलाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकार और सरकार द्वारा चलाए जा रहे हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संकट की घड़ी में महिला हेल्पलाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला सहायता 181, आपातकालीन सेवा 112, बच्चों के लिए 1098, स्वास्थ्य सेवा 102 और साइबर अपराध की शिकायत हेतु 1930 नंबर महिलाओं के लिए जीवन रक्षक साबित हो सकते हैं।
चौपाल में मौजूद महिलाओं को यह समझाया गया कि डरने के बजाय इन नंबरों का इस्तेमाल करें और अपनी आवाज़ को दबने न दें। इस बीच कई महिलाओं ने अपनी समस्याएं साझा कीं तो पुलिस टीम ने धैर्यपूर्वक समाधान सुझाया और आश्वासन दिया कि पुलिस हर पल उनके साथ खड़ी है। महिलाओं के चेहरे पर आत्मविश्वास और सुकून साफ झलक रहा था। कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि महिलाएं केवल श्रोता नहीं बल्कि सहभागी बनीं। वे न सिर्फ सवाल पूछती रहीं बल्कि अपने अनुभवों से भी दूसरों को प्रेरित करती रहीं।
उभांव थाना के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह ने मीडिया को बताया कि उभांव थाना पुलिस टीम मिशन शक्ति अभियान को जमीनी स्तर पर उतारने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि महिला पुलिसकर्मी गांव-गांव जाकर चौपाल के जरिए संदेश फैला रही हैं ताकि महिलाएं हर परिस्थिति में सजग और सुरक्षित रहें। ग्रामीण महिलाओं ने कार्यक्रम की खुलकर सराहना की और कहा कि इस चौपाल ने उनके मन का डर कम कर दिया और उनमें आत्मबल जगाया। मिशन शक्ति का यह आयोजन न सिर्फ एक कार्यक्रम बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास और सुरक्षा के लिए एक नई सुबह की तरह महसूस हुआ


