कोटा। स्मार्ट हलचल|शॉपिंग सेंटर निवासी ओमप्रकाश मित्तल (71) एवं उनकी पत्नी अंजना मित्तल (68) ने परिवारजनों की उपस्थिति में देहदान का संकल्प लेते हुए कोटा न्यू मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग के नाम लिखित संकल्प पत्र भरा।
यह संकल्प महर्षि दधीचि छात्रावास समिति के अध्यक्ष रविन्द्र जोशी, कोषाध्यक्ष सुनील शर्मा तथा सलाहकार नरेन्द्र मोहन दाधीच की उपस्थिति में लिया गया,उनके मार्गदर्शन में मित्तल दम्पति ने समाजहित की भावना से देहदान का निर्णय लिया।
दाधीच समाज के अध्यक्ष रविन्द्र जोशी ने बताया कि समाज लंबे समय से देहदान के प्रति जागरूकता फैलाने और इस महादान को प्रोत्साहित करने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। समाज के सलाहकार नरेन्द्र मोहन दाधीच ने बताया कि अब तक समाज के माध्यम से चार देहदान की प्रक्रिया करवाई जा चुकी है, जिनमें से दो देहदान पूर्ण हो चुके हैं। साथ ही अन्य समाजों के लोगों को भी इस अमूल्य दान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मित्तल दम्पति ने कहा कि देहदान एक महादान है, जो चिकित्सा विज्ञान के लिए अत्यंत उपयोगी है। मृत्यु के पश्चात मानव शरीर मेडिकल छात्रों की पढ़ाई एवं शोध कार्य में सहायक होता है, जिससे भविष्य में कई लोगों को जीवनदान मिलने की संभावनाएं बढ़ती हैं।
