गैणोली में विधायक गोपाल खंडेलवाल ने किया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान का शुभारंभ

महावीर सेन

मांडलगढ़ ।स्मार्ट हलचल।ग्राम गैणोली स्थित वन विभाग नर्सरी में शुक्रवार को मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल ने पौधारोपण कर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।सभा को संबोधित करते हुए विधायक गोपाल खंडेलवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। अधिक से अधिक पौधारोपण कर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अभियान को जनआंदोलन बनाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।

विधायक ने ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए हाल ही में शुरू किए गए ग्रामीण विकास एवं रोजगार से जुड़े अभियानों के बारे में भी अवगत कराया। उन्होंने पात्र लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्रामीणों को पौधों का वितरण भी किया तथा प्रत्येक परिवार से अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प दिलाया।

इस अवसर पर मांडलगढ़ विधानसभा संयोजक अनिल पारीक, नगर मंडल अध्यक्ष अशोक जीनगर, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष संजय डांगी, भाजपा नेता मनोज सनाढ्य, रामस्वरूप तेली, कैलाश तेली, वन विभाग के प्रकाश शर्मा सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।