शाहपुरा-साहित्य सृजन कला संगम तथा संचिना कला संस्थान द्वारा शाहपुरा में लोक कवि श्री मोहन मण्डेला के नाम से बनने वाले अत्याधुनिक ऑडिटोरियम तथा खेल अकादमी की बजट स्वीकृति और शीघ्र कार्यारंभ की पहल पर हार्दिक स्वागत और अभिनन्दन किया गया। शाहपुरा में बहुप्रतीक्षित ऑडिटोरियम के निर्माण एवं लेआउट के बारे में डॉ. बैरवा ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि प्रस्तावित ऑडिटोरियम जन अपेक्षाओं के अनुरूप बनेगा जिसमें सभी के सुझाव भी आमंत्रित किए जाएंगे। साहित्य सृजन कला संगम के सचिव एवं अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त साहित्यकार डॉ.कैलाश मण्डेला ने हाल ही में हुए लोक कवि स्मृति अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में की गई घोषणा को मूर्त रूप देने हेतु समस्त कला साहित्य जगत की तरफ से आभार ज्ञापित किया तथा प्रस्तावित ऑडिटोरियम का नाम घोषणा के अनुरूप लोक कवि श्री मोहन मण्डेला के नाम से करने हेतु लिखित प्रस्ताव पत्र भी डॉ.बैरवा को प्रस्तुत किया। डॉ.मण्डेला ने इस महनीय कार्य की उपयोगिता को रेखांकित करते हुए बताया कि यह ऑडिटोरियम शाहपुरा क्षेत्र के सामाजिक, साहित्यिक, शैक्षिक, कला, सांस्कृतिक तथा मनोरंजन के कार्यक्रमों तथा क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने एवं प्रतिभा उन्नयन में मील का पत्थर साबित होगा। संचिना अध्यक्ष रंगकर्मी रामप्रसाद पारीक ने इसे ऐतिहासिक कार्य बताया। संचिना सचिव सत्येन्द्र मण्डेला ने शाहपुरा के विकास के सभी कार्यों में यहां के जागरुक नागरिकों का बिना किसी राजनीतिक प्रतिबद्धता के सहयोग लेने हेतु विधायक से अनुरोध किया जिसे उन्होंने स्वीकार किया। शाहपुरा शीघ्र जिला बनेगा इसके लिए भी डॉ.बैरवा ने अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की तथा उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों तथा आम जनता से हर सकारात्मक कार्य में सहयोग की अपील की। इस अवसर पर राष्ट्रीय कवि कवि दिनेश बंटी, एस्ट्रोलोजर पं. सुनील भट्ट, सत्यव्रत वैष्णव, पत्रकार अनुज कांटिया, भाजपा पूर्व नगर अध्यक्ष राजेंद्र बोहरा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित हुए।













