शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा। स्मार्ट हलचल|जिले के उनियारा उपखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत सूंथडा में इन दिनों बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सुबह से लेकर शाम तक बंदरों के झुंड गांव की गलियों, घरों की छतों, स्कूलों और खेतों में उत्पात मचा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
सामाजिक कार्यकर्ता ब्रह्मा प्रकाश गुर्जर सहित ग्रामीणों ने बताया कि बंदर घरों में घुसकर अनाज और खाने-पीने की वस्तुओं को नुकसान पहुंचा रहे हैं। कई बार छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर झपटने की घटनाएं भी सामने आई हैं। स्कूली बच्चों को भी बन्दरों के आतंक से परेशानी हो रही हैं। महिलाएं छत पर कपड़े सुखाने या आंगन में काम करने से डर रही हैं। किसानों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। खेतों में लगी सब्जियों और अन्य फसलों को बंदर बर्बाद कर रहे हैं, जिससे आर्थिक नुकसान हो रहा है।
*ग्रामीणों की मांग*
ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द वन विभाग की टीम भेजकर बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए। साथ ही इस समस्या के स्थायी समाधान की भी व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
*प्रशासन की प्रतिक्रिया*
स्थानीय ग्राम पंचायत प्रशासन का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित विभाग को सूचना दे दी गई है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से धरना-प्रदर्शन और पंचायत मुख्यालय पर तालाबंदी करने को मजबूर होंगे।
