श्री राजपूत सभा ने 51 जरूरतमंद महिलाओं को वितरित की मासिक पेंशन किस्त

रोजगार, सरकारी योजनाओं से जोड़ने और समाज की संपत्तियों के संरक्षण पर दिया गया जोर

कोटा। स्मार्ट हलचल|सामाजिक उत्तरदायित्व का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए श्री राजपूत सभा, कोटा संगठन ने समाज की 51 जरूरतमंद, विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं को मासिक पेंशन योजना की नौवीं किस्त वितरित की। श्यामवन मैरिज गार्डन, कंसुआ में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की।
मुख्य अतिथि कोटा जिला सैनिक कल्याण अधिकारी एवं सेवानिवृत्त कमांडेंट बी.सी.एस. शेखावत ने कहा कि आर्थिक सहायता के साथ-साथ इन परिवारों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना भी समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने जरूरतमंद परिवारों के ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र बनवाने, बच्चों को पालनहार योजना से जोड़ने तथा महिलाओं को स्वरोजगार एवं कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
समाजसेवी हिम्मत सिंह ने कहा कि समाज के मंदिरों एवं धार्मिक संस्थाओं की भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को हटाकर उन्हें पुनः समाज की समितियों के अधीन लाया जाना चाहिए।
श्री राजपूत समाज, कोटा के समाज सारथी रविन्द्र सिंह हाड़ा ‘नरेश’ ने बताया कि पेंशन वितरण का यह अभियान लगातार नौ माह से संचालित किया जा रहा है। समाज के लोगों के छोटे-छोटे आर्थिक सहयोग से यह निधि तैयार की जाती है, जिससे जरूरतमंद, विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं को प्रत्येक माह सम्मानपूर्वक आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल आर्थिक सहयोग देना नहीं, बल्कि इन महिलाओं को यह विश्वास दिलाना है कि समाज हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है।
कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर देवेंद्र सिंह सोलंकी तथा कमांडेंट बी.सी.एस. शेखावत का सम्मान किया गया। वहीं सीबीएसई बोर्ड की दसवीं कक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले राजवर्धन सिंह हाड़ा को भी सम्मानित कर उनकी उपलब्धि की सराहना की गई।
इस अवसर पर अजीत सिंह माथनी, विवेक सिंह सिसोदिया, राजेश सिंह परिहार, हेमलता चौहान, दीपेंद्र सिंह राजावत, टीकम सिंह नरूका, राजेंद्र सिंह राणावत, महावीर सिंह शेखावत, बुद्धराज सिंह हाड़ा, मुकेश सिंह राजावत, महावीर सिंह राणावत, प्रताप सिंह हाड़ा, नरेंद्र सिंह सोलंकी, कुलदीप सिंह नरूका, भवानी सिंह शेखावत सहित समाज के सैकड़ों समाज सारथी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।