सुविधाएं नहीं मिलीं तो चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। शहर की राधे नगर कॉलोनी के बाशिंदे लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशान हैं। क्षेत्र में करीब 200 से अधिक परिवार निवास करते हैं, लेकिन आज तक यहां सड़क, नाली और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। हालात इतने खराब हैं कि पूरी कॉलोनी केवल एक हैंडपंप पर निर्भर है। गर्मी बढ़ने के साथ पानी की समस्या और गंभीर हो गई है। लोगों को घंटों लाइन में लगकर पानी भरना पड़ रहा है। सुबह से शाम तक महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग अपनी बारी का इंतजार करते नजर आते हैं, जिससे उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभागों और प्रशासन को शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि शहर में रहने के बावजूद उन्हें गांव से भी बदतर हालात का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी रूबी सिंह ने बताया कि वे पिछले पांच वर्षों से राधे नगर में रह रही हैं और तब से लगातार पानी, सड़क और नालियों की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पूरे इलाके में केवल एक हैंडपंप है, जिससे सभी परिवार पानी भरते हैं। पानी को लेकर महिलाओं के बीच आए दिन विवाद की स्थिति बन जाती है।
रूबी सिंह ने बताया कि कॉलोनी में अब तक नल कनेक्शन नहीं है, जबकि कुछ दूरी पर चंबल परियोजना की पाइपलाइन गुजर रही है, लेकिन क्षेत्र को उससे नहीं जोड़ा गया। सुबह होते ही हैंडपंप पर लंबी कतार लग जाती है और कई बार लोगों को दो से तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ता है, जिससे दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि कॉलोनी में नालियां नहीं होने से गंदा पानी खाली प्लॉटों में भर जाता है, जिससे मच्छर पनप रहे हैं और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। वहीं, गंदा पानी मकानों की नींव तक पहुंचने से घरों को भी नुकसान होने लगा है।
गृहिणी सुनीता देवी छीपा ने बताया कि पानी भरने में दिन का बड़ा हिस्सा निकल जाता है। घर तक पानी पहुंचाने के बाद भी उसका बेहद सावधानी से उपयोग करना पड़ता है। बच्चों को भी पानी बर्बाद नहीं करने की हिदायत देनी पड़ती है, क्योंकि पानी जुटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि इस समस्या ने पूरे क्षेत्र की जीवनशैली को प्रभावित कर दिया है।
स्थानीय निवासी लोकेंद्र छीपा और राजू वर्मा ने बताया कि वे पिछले पांच वर्षों से कॉलोनी में रह रहे हैं, लेकिन अब तक यहां सड़क और नालियों का निर्माण नहीं हुआ। बारिश के दिनों में हालात और खराब हो जाते हैं। सड़कों पर पानी भरकर घरों तक पहुंच जाता है। वहीं खाली प्लॉटों में पानी जमा होने से बीमारियों का खतरा बना रहता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि स्थानीय विधायक भी क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं, लेकिन समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है। नगर विकास न्यास और संबंधित विभागों को कई बार शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क, नाली और पानी की व्यवस्था नहीं की गई तो वे आने वाले चुनाव में मतदान का बहिष्कार करेंगे। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से कॉलोनी में सड़क और नालियों का निर्माण कराने तथा अतिरिक्त हैंडपंप लगाने या नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
