बावलास में महिला की हत्या के 10 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं, गांव में रोष, ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

चित्तौड़गढ़। स्मार्ट हलचल|राशमी थाना क्षेत्र के ग्राम बावलास में महिला की हत्या के मामले में 10 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। समस्त ग्रामवासी बावलास ने मंगलवार 25 नवंबर को जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ को ज्ञापन सौंपकर पुलिस थाना राशमी को शीघ्र कार्यवाही कर आरोपियों को गिरफ्तार कराने का आदेश देने की मांग की।ज्ञापन में बताया गया कि घटना दिनांक 15.11.2026 की रात्रि करीब 3 बजे की है। गांव की भगवानी बाई पत्नी नारायणलाल अहीर घर में अपनी बहिन लेहरी बाई के साथ सो रही थीं। इसी दौरान घर में अज्ञात लोग घुसे और वारदात को अंजाम देकर घर से जेवरात लेकर फरार हो गए।

ज्ञापन के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर गांव के अन्य व्यक्ति मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया और पुलिस थाना राशमी में एफआईआर सं. 227/2026 दर्ज की।

ग्रामीणों का कहना है कि घटना को करीब 10 दिन होने को आए, लेकिन पुलिस थाना राशमी द्वारा अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। जिससे पूरे गांव में रोष व्याप्त है। गांव में भय का माहौल है।

अंत में ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से निवेदन किया कि पुलिस थाना राशमी को एफआईआर सं. 227/2026 में अग्रिम कार्यवाही कर आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कराने का आदेश प्रदान करावें।

ग्रामीणों ने कहा कि यदि शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो गांव आंदोलन के लिए मजबूर होगा।