निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को न्याय की मांग, धीरज गुर्जर व सारिका चौधरी रहेंगे शामिल
(महेन्द्र नागौरी
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलहल|महात्मा गांधी चिकित्सालय परिसर स्थित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र (एमसीएच) में हाल ही में हुई प्रसूताओं की मौतों को लेकर कांग्रेस ने सरकार और स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) ने घटनाओं की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई तथा अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग को लेकर 13 जुलाई को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन और ज्ञापन देने की घोषणा की है।
प्रदर्शन का नेतृत्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक धीरज गुर्जर, महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सारिका चौधरी तथा जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के अध्यक्ष शिवराम खटीक करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12:15 बजे रेलवे स्टेशन से रैली निकाली जाएगी, जो जिला कलेक्ट्रेट पहुंचेगी। इसके बाद जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रसूताओं की मौतों की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, मृतक परिवारों को न्याय एवं उचित सहायता तथा अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में तत्काल सुधार की मांग उठाई जाएगी।
