आसलपुर/जोबनेर-स्मार्ट हलचल|जयपुर के झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत आसलपुर में शनिवार को शाम को एक मोटरसाइकिल स्टार्ट करते समय अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बाइक को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया और मोटरसाइकिल जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार देवा घाषाल अपनी मोटरसाइकिल लेकर आसलपुर में महेश कुमावत साड़ीवाल की दुकान पर कुछ सामान खरीदने पहुंचे थे। सामान लेने के बाद जैसे ही उन्होंने मोटरसाइकिल स्टार्ट करने का प्रयास किया, अचानक बाइक में आग लग गई। बताया गया कि बाइक से एक-दो बार टिक की आवाज आने के बाद अचानक आग की लपटें उठने लगीं।
मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण बाइक पर काबू नहीं पाया जा सका। कुछ ही देर में मोटरसाइकिल पूरी तरह जल गई।
घटना की जानकारी महेश कुमावत साड़ीवाल ने दी। गनीमत रही कि घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। आसलपुर जोबनेर तहसील का ग्राम पंचायत क्षेत्र है।
