Homeराजस्थानजयपुरसांसद दुष्यंत सिंह ने धूल भरे रास्तों और नदी को पार किया...

सांसद दुष्यंत सिंह ने धूल भरे रास्तों और नदी को पार किया जन संवाद पदयात्रा का दूसरा दिन

दिलीप जैन

चौमहला स्मार्ट हलचल। सांसद दुष्यंत सिंह की जन संवाद पदयात्रा ने शुक्रवार को धूल भरे चार किलोमीटर के रास्ते से गुजरते हुए 18 किमी की दूरी तय की। इस दौरान सांसद सिंह और कार्यकर्ताओं के बीच हंसी मजाक के दौर चलते रहे। खुशनुमा माहौल के बीच दुष्यंत सिंह ने ग्रामीण किसानों और पशुपालकों के बीच बैठकर उत्पादन वृद्धि के उपायों पर चर्चा की।

सांसद सिंह एक खेत में चल रहे ट्यूबवैल को देखकर अचानक उसके पास पहुंच गए और अंजुली में पानी भरकर अपना चेहरा धोया। इसके साथ ही शरारती अंदाज़ में उन्होंने अपने हाथों से कार्यकर्ताओं के ऊपर भी पानी फेंका।

हनुमान चालीसा के साथ शुरू हुई यात्रा: निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मगसी में रात्रि विश्राम के बाद सांसद सिंह ने प्रातः 10 बजे से जन समस्याएं सुनी और हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के बाद यह पदयात्रा अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई। मगसी से कच्चे रास्ते को पार करते हुए यह यात्रा काली सिंध नदी के पाट से गुजरती हुई सरवर पहुंची।

पशुपालक की चुटकी ली, कितना पानी मिलाते हो:
सांसद सिंह ने मार्ग में ग्रामीणों से संवाद करते हुए खेतों की मेढ़ पर बांस के पेड़ लगाने की महत्ता को समझाया। उन्होंने कहा कि बांस का उत्पादन करने वाले किसान अगरबत्ती उद्योग से जुड़ सकते हैं। उन्होंने किसानों को पशुपालन से जुड़ते हुए एआई तकनीक के इस्तेमाल से उत्पादन बढ़ाने की सलाह दी। इस बीच सांसद सिंह भैंसों के एक बाड़े में गए और पशुपालक परिवार से बातचीत की। उन्होंने चुटकी लेते हुए एक परिजन से पूछ लिया कि पानी कितना मिलाते हो, इस पर साथ चल रहे कार्यकर्ता अपने ठहाके नहीं रोक सके।

जन समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को समाधान के निर्देश: सांसद सिंह ने करवर, कछनारा, चोर बर्डी, सेकला, ढाबला और सुनारी में आयोजित जन सभाओं में अभाव अभियोग सुने और अधिकारियों को विभागवार समाधान के निर्देश दिए।
शनिवार को सांसद की पदयात्रा सुनारी से प्रारंभ होकर पुआर खेड़ी, गंगधार, मल्हारगंज और बिलावली होते हुए रापाखेड़ी में विश्राम लेगी।

यह रहे साथ: यात्रा के दौरान मनोहर थाना विधायक गोविन्द रानीपुरिया, आरपीएससी के पूर्व अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा, पूर्व मंत्री मानसिंह चौहान, पूर्व विधायक नरेंद्र नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, महामंत्री कृष्णा मंडलोई, पंचायत राज प्रकोष्ठ संयोजक विमल जैन, जिला मीडिया संयोजक रंजीता पांडे, जिला प्रभारी जगत नारायण जोशी, सह प्रभारी सागर सोनी, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय ताऊ, मंडल अध्यक्ष हेमराज सिंह व अशोक गायरी, अरविंद अग्रवाल, आदित्य कटारिया, गौतम जैन, रतन राठौर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल रहे।

स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
news paper logo
RELATED ARTICLES