Homeभीलवाड़ामुंबई से अचानक जयपुर पहुंचे अक्षय कुमार, सीएम से मिले:चार्टर विमान से...

मुंबई से अचानक जयपुर पहुंचे अक्षय कुमार, सीएम से मिले:चार्टर विमान से पहुंचे, आधे घंटे मुलाकात के बाद वापस लौटे, फिल्म सिटी और पॉलिसी पर हुई चर्चा

जयपुर-बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार गुरुवार दोपहर अचानक चार्टर विमान से जयपुर पहुंचे। जयपुर एयरपोर्ट से वे सीधे सीएमआर (मुख्यमंत्री निवास) गए। यहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ मुलाकात हुई। दोनों के बीच मुलाकात लगभग आधे घंटे चली। इसके बाद मुम्बई के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री ने अक्षय कुमार को सांगानेरी प्रिंट का ‘राधे–राधे’ लिखा दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया। ऊंट की आकृति वाली पारंपरिक राजस्थानी कलाकृति भेंट की। बैठक के दौरान राजस्थान में फिल्म शूटिंग, प्रमोशन और फिल्म उद्योग के विस्तार को लेकर सकारात्मक चर्चा करने की संभावनाएं बताई जा रही है।
राजस्थान में फिल्म सिटी बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
जानकारी के अनुसार, अक्षय कुमार ने राजस्थान में फिल्म सिटी स्थापित करने की आवश्यकता पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा- जयपुर की देश–दुनिया से बेहतरीन कनेक्टिविटी है। यदि यहां फिल्म सिटी विकसित होती है तो इसका लाभ पूरे प्रदेश और फिल्म इंडस्ट्री दोनों को मिलेगा। इसके साथ ही राजस्थान की नई फिल्म पॉलिसी को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। माना जा रहा है कि राज्य सरकार जल्द ही इसे लॉन्च कर सकती है।
सिर्फ सीएम से मिलने जयपुर आए।
मुलाकात के बाद अक्षय कुमार दोपहर 3:45 बजे चार्टर विमान से मुंबई के लिए रवाना हो गए। वे विशेष रूप से केवल मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए जयपुर आए थे। बता दें कि सीएम भजनलाल शर्मा भी राजस्थान प्रवासी प्री समिट के कार्यक्रम में बीच में ही इस मुलाकात के लिए निकल गए थे।
अक्षय कुमार बोले- पूरी दुनिया को मेहमाननवाजी राजस्थान से सीखनी चाहिए
सीएम से मुलाकात के बाद अक्षय कुमार ने कहा- पहली बार नहीं आया हूं। अपने करियर में 10 फिल्में यहां शूट कर चुका हूं। एक छोटा सा वाकया याद है। जो मैं अभी सीएम को सुना रहा था। मैं चौमू पैलेस में फिल्म की शूटिंग कर रहा था। सुबह के साढ़े चार बजे उठकर कसरत करने लगा, जो एक आदत की तरह है। उस समय बहुत ठंड थी। वहां का जो वॉचमैन था, उसने देखा कि मुझे ठंड लग रही है। उसने अपना कंबल मुझे दे दिया।
मैंने मना किया तो उन्होंने कहा- आप हमारे राजस्थान के मेहमान हैं। हमारा कर्तव्य है कि आपको ठंड नहीं लगनी चाहिए। वह अपनापन था, जिस हिसाब से उसने बोला कि आप राजस्थान के मेहमान है। मेेहमाननवाजी यहां बहुत कमाल की रहती है। वहां से मैं निकला। जयपुर आ रहा था तो रात के करीब डेढ़ बजे हुए थे। मेरा ड्राइवर रास्ता भूल गया। सामने दो लड़के मोटरसाइकिल से आ रहे थे। उनसे पूछा कि यह जयपुर का हाईवे किस तरफ है। उन बच्चों ने बोला- आप लोग मेरे पीछे-पीछे आओ, गाड़ी मोड़ी और हमें हाईवे तक पहुंचाया।
सीएम ने राजस्थानी खाना खिलाया।
उन्होंने कहा कि सीएम भजनलाल शर्मा ने मुझे आज राजस्थानी खाना खिलाया, काफी फिल्मों को लेकर बातचीत की। उन्होंने राजस्थान को लेकर अपना नजरिया रखा। मैंने भी उन्हें फिल्म इंडस्ट्री की सोच बताई, कैसे हम लोग यहां आकर शूटिंग करना चाहते हैं। मुम्बई में हम खबर पढ़ते रहते हैं, सोलर को लेकर काम हुआ है। राइजिंग राजस्थान में अच्छी उपलब्धियां मिली हैं। अब उम्मीद कर रहे हैं कि काफी शूटिंग होगी।
यहां काफी बदलाव हुआ है। सोलर को लेकर सभी को पता है। मंदिर हो या किले-महल हो सभी जगह अच्छा काम हुआ है। तीन-चार साल के दौरान हम परिवार के साथ आए हुए है। झालाना जंगल जा चुका हूं, जवाई सफारी कर चुका हूं। जब इस बार जयपुर आ रहा था, बदलता हुआ जयपुर नजर आया।
संजय दत्त भी मिल चुके हैं सीएम से।
गौरतलब है कि इससे पहले पिछले दिनों बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त भी चार्टर विमान से जयपुर आए थे और सीएम से मुलाकात के बाद कुछ ही घंटों में मुंबई लौट गए थे। इससे फिल्म इंडस्ट्री और राजस्थान सरकार के बीच सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण संकेत मिल रहे हैं।

wp-17693929885043633154854019175650
RELATED ARTICLES