नगर निकाय और पंचायती राज चुनाव-2026: 24 घंटे निगरानी, कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम शुरू

(महेन्द्र नागौरी)

शिकायतों के पंजीकरण से लेकर आचार संहिता की निगरानी तक संभालेगा जिम्मेदारी |

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|नगर पालिका एवं पंचायती राज आम चुनाव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने चुनावी व्यवस्थाओं को मजबूत करते हुए कलेक्ट्रेट के कमरा नंबर 62 में बहुउद्देशीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। इसका उद्देश्य मतदाताओं की सुविधा, शिकायतों के त्वरित पंजीकरण एवं निराकरण के साथ आदर्श आचार संहिता की प्रभावी पालना सुनिश्चित करना है।
नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 01482-233032 है। यह 24×7 घंटे तत्काल प्रभाव से सक्रिय रहेगा और तीन पारियों में संचालित किया जाएगा।
अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती
नियंत्रण कक्ष के लिए सहायक कलेक्टर को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। विजयपाल वर्मा, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, सुवाणा को सहायक प्रभारी अधिकारी तथा आशुतोष आचार्य, संस्थापन अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक मुख्यालय को प्रभारी कर्मचारी नियुक्त किया गया है।
प्रशासन ने नियुक्त अधिकारी-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी संभालने के निर्देश दिए हैं।
चुनाव के दौरान किसी भी शिकायत, समस्या या आचार संहिता से जुड़ी सूचना के लिए अब जिला प्रशासन का कंट्रोल रूम चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा।