नगरपालिका की लापरवाही बनी हादसों का कारण, गड्ढों में डाली चिकनी मिट्टी से फिसलकर घायल हुए कई लोग

एजाज़ अहमद उस्मानी

स्मार्ट हलचल।मेड़ता रोड कस्बे में सड़कों के गड्ढों की मरम्मत के नाम पर नगरपालिका द्वारा बरती गई लापरवाही अब आमजन के लिए परेशानी और हादसों का कारण बनती जा रही है। नगर के विभिन्न मार्गों पर गड्ढों को भरने के लिए बजरी, सीमेंट या अन्य उपयुक्त सामग्री की बजाय चिकनी मिट्टी डाल दी गई, जो मामूली बारिश होते ही कीचड़ में बदल गई। इससे सड़कें फिसलनभरी हो गईं और कई बच्चे, बुजुर्ग तथा बाइक सवार दुर्घटनाग्रस्त होकर चोटिल हो गए।स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगरपालिका ने बिना किसी तकनीकी मानक के गड्ढों में केवल मिट्टी डालकर औपचारिकता पूरी कर दी। हाल ही में हुई हल्की बारिश के बाद यह मिट्टी दलदल जैसी बन गई, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो गया। कई स्थानों पर दोपहिया वाहन चालक संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिरकर घायल हो गए। वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को भी फिसलकर चोटें आई हैं। नागरिकों का कहना है कि सड़क मरम्मत का कार्य जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए था, लेकिन नगरपालिका की लापरवाही ने समस्या को और गंभीर बना दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारियों ने कार्य की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया, जिसके चलते आमजन को इसकी कीमत चुकानी पड़ रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय नागरिकों ने नागौर जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत भेजकर पूरे मामले की जांच कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में बताया गया है कि यदि समय रहते उचित मरम्मत कार्य नहीं कराया गया तो भविष्य में बड़े हादसे भी हो सकते हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि गड्ढों को वैज्ञानिक तरीके से भरकर सड़कों की तत्काल मरम्मत करवाई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। फिलहाल नगरपालिका की कार्यशैली को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।