‘मेरी माँ’: मातृ प्रेम और कृतज्ञता से सजी एक भावपूर्ण शाम, निवृत्ति कुमारी ने साझा कीं माँ की यादें

उदयपुर, 9 मई। स्मार्ट हलचल|मातृ दिवस के उपलक्ष्य में लेकसिटी की खूबसूरत फतेह सागर झील के किनारे स्थित विन्धम ग्रैंड में शनिवार शाम मातृ शक्ति और उनके निस्वार्थ प्रेम को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम ‘मेरी माँ’ का भव्य और सफल आयोजन सम्पन्न हुआ। विन्धम ग्रैंड व ‘सैंडीज ट्रैवल टेल्स’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में माताओं के असीम प्रेम, उनके मौन संघर्ष और वात्सल्य का खूबसूरत अभिनंदन किया गया।

इस भावपूर्ण संध्या में मेवाड़ पूर्व राजपरिवार की सदस्या निवृत्ति कुमारी जी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने अपनी माँ को याद किया और कई भावुक कर देने वाले पल साझा किए। अपनी माँ के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, “एक माँ का प्रेम ही वह मजबूत नींव है जिस पर हमारा पूरा जीवन खड़ा होता है। मेरी माँ की दी हुई शिक्षा, उनका असीमित धैर्य और उनका शांत लेकिन सशक्त व्यक्तित्व ही मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा रहा है। उन्होंने मुझे सिखाया है कि कैसे अपनी जड़ों से जुड़े रहकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरी शालीनता और मजबूती के साथ निभाना है।

मंचासीन रिटायर्ड शिक्षिका मंजूलता त्रिपाठी ने मां से जुड़े विषयों पर निवृत्ति कुमारी से चर्चा की और कहा कि भगवान सब जगह हो नहीं सकता इसलिए उसने मां बनाई।

कार्यक्रम दौरान मातृ दिवस के उपलक्ष्य में केक काटा गया व ध्यान एक्सपर्ट शगुन तलेसरा ने मौजूद अतिथियों व मातृशक्ति को ध्यान अभ्यास कराया। इस दौरान मां पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता व काव्य प्रस्तुतियों का आकर्षण रहा।

कार्यक्रम के आरंभ में विन्धम ग्रैंड के वाईस प्रेसिडेंट विशाल कपूर ने अतिथियों का स्वागत किया और मातृ दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम की रुपरेखा प्रस्तुत की।

कार्यक्रम के अंत में जबकि ‘सैंडीज ट्रैवल टेल्स’ संदीप राठौड़ ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन निवेदिता ने किया।